Weather Alert: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली समेत कई इलाकों में बदलेगा मौसम का मिजाज

Weather Alert: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली समेत कई इलाकों में बदलेगा मौसम का मिजाज

IMD ने 12 अगस्त को देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी राजस्थान, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है. दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश हो सकती है. पढ़ें देशभर में कैसा रहेगा मौसम...

aaj ka mausam aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 12, 2026,
  • Updated Aug 12, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 12 अगस्त को देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में आज बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. इससे पहले 11 अगस्त को भी पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर बेहद भारी बारिश दर्ज भी की गई है. बीते दिन झालावाड़ के सुनेल में 30 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. IMD के मुताबिक, इस समय मॉनसून ट्रफ सक्रिय है और निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में है. उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है. वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है. इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है. इससे ओडिशा में 13 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 12 अगस्त को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. पश्चिमी राजस्थान में 11 से 12 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 से 13 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 13 से 16 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में 13 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में 12 अगस्त को आसमान सामान्य तौर पर बादलों से ढका रहेगा. दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं. इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी हवाएं सुबह करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और शाम और रात में इनकी रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा

इधर, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 अगस्त तक काफी व्यापक बारिश का अनुमान है. 12 अगस्त को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पंजाब में 12 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 अगस्त के बीच भारी बारिश हाेने की संभावना है.

मध्य और पूर्वी भारत में भी बदलेगा मौसम

वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. छत्तीसगढ़ में 14 अगस्त तक भारी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं. ओडिशा में 12 अगस्त तक बहुत भारी बारिश की संभावना है. झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है. बिहार में 14 से 17 अगस्त के दौरान काफी व्यापक बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर और पश्चिमी राज्यों में भी बारिश

IMD के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 17 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 से 17 अगस्त तक बारिश का दौर रहने की संभावना है. पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में 17 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है. वहीं, गुजरात क्षेत्र में 13 अगस्त तक और मध्य महाराष्ट्र में आज  व्यापक बारिश की संभावना है. 

दक्षिण भारत में तेज हवाओं का रहेगा असर

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक और केरल में 17 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है. तेलंगाना में 11 से 16 अगस्त तक बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में 17 अगस्त तक अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना है. 13 अगस्त तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

MORE NEWS

Read more!