
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश के कई हिस्सों में 20 मार्च तक आंधी, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19 और 20 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 19 मार्च को इन इलाकों में ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा. पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 19 और 20 मार्च को ओले गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में 22 मार्च तक गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
आईएमडी के अनुसार, 19 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी.
इसके अलावा मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं, पूर्वी भारत के झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा. दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं जारी रह सकती हैं.
दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ली है. हाल के दिनों में बढ़ती गर्मी और उमस के बीच हुई बारिश ने लोगों को राहत दी है. बीते 24 घंटों में राजधानी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं दर्ज की गईं, जिससे तापमान में गिरावट आई है. 19 मार्च को दिल्ली में आसमान सामान्यत: बादलों से ढका रहेगा.
सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना है, जबकि दोपहर और शाम के समय एक-दो दौर हल्की बारिश के हो सकते हैं. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और यह सामान्य या सामान्य से नीचे के स्तर पर बना रह सकता है. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद सहित पूरे NCR में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है और इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
हरियाणा के चरखी दादरी समेत कई इलाकों में भी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. आने वाले दिनों में हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा.
पूर्वोत्तर भारत में 20 और 21 मार्च को असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 20 और 21 मार्च को तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिलेगा. झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज आंधी के साथ 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और मराठवाड़ा में भी 18 से 20 मार्च के बीच बारिश, आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की स्थिति बन सकती है. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी 22 मार्च तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा.
मौसम में इस बदलाव के बीच किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए खेतों में खड़ी फसलों और तैयार उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढक दें. बागवानी और सब्जी फसलों को सहारा देना जरूरी है, ताकि तेज हवाओं से नुकसान कम हो.
जहां भारी बारिश की संभावना है वहां किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें. पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें. साथ ही चारा और पानी को भी सुरक्षित रखने की व्यवस्था करें.