
देश के कई हिस्सों में बुधवार को मौसम में अचानक बदलाव हुआ और तेज हवा, बारिश, ओलावृष्टि की गतिविधयां सामने आईं. दिनभर अलग-अलग क्षेत्रों में बादल छाए रहे, जबकि कई जगहों पर दोपहर बाद से मौसम सक्रिय हो गया. दिल्ली-एनसीआर में देर शाम अचानक तेज हवाएं चली, जिसके बाद हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. तेज हवा के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई और मौसम ठंडा हो गया. दिनभर की गर्मी के बाद लोगों को राहत मिली, हालांकि तेज हवाओं ने कुछ जगहों पर असुविधा भी पैदा की. इससे पहले दोपहर में कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई.
वहीं, महाराष्ट्र के नासिक, लातूर और छत्रपति संभाजीनगर जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं. मौसम की इस गतिविधि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है. खासकर उन क्षेत्रों में चिंता बढ़ी है, जहां फसल पककर तैयार खड़ी है. जानकारी के मुताबिक, नासिक में प्याज की फसल को भारी नुकसान हुआ है. ऐसे में पहले से ही कम भाव मिलने से परेशान किसान और चिंता में पड़ गए हैं.
मौसम के इस बदलाव का असर खेती पर पड़ने की आशंका है. जिन इलाकों में गेहूं और सरसों की फसल तैयार हो चुकी है, वहां बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है. इसके अलावा बागवानी फसलों, खासकर आम के बागानों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है. मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है.
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी तेज बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की खबरें सामने आईं. इन इलाकों में मौसम का मिजाज तेजी से बदला और स्थानीय स्तर पर असर देखने को मिला. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में यह बदलाव अगले 48 घंटों तक बना रह सकता है, जिसमें आसमान में बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधि जारी रहने की संभावना है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. इसके साथ ही अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है. यह स्थिति पूरे NCR क्षेत्र - नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग ने दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें लोगों को खासतौर पर शाम के समय तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की गतिविधि जारी रहने का अनुमान जताया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का यह असर अगले कुछ समय तक जारी रह सकता है. (एजेंसी इनपुट के साथ)