Weather Alert: कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट, जानिए आपके क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम

Weather Alert: कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट, जानिए आपके क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम

IMD Latest Weather Update: 18 मार्च को पूर्वोत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी. हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी और मैदानी इलाकों में आंधी का असर रहेगा. दिल्ली में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

aaj ka mausam aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 18, 2026,
  • Updated Mar 18, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा. पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 19-20 मार्च, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 20 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इसके साथ ही पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहेंगी. हिमाचल प्रदेश में 18-19 मार्च और उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 19-20 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना है.

18 मार्च को देशभर में मौसम का हाल

18 मार्च को पूर्वोत्तर भारत के राज्यों - अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्व और मध्य भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है.

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके अलावा, दक्षिण भारत के राज्यों - तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव है.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में 18 मार्च को आसमान सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है. दिन में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. शाम या रात के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक और 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं.

विभिन्न राज्यों में मौसम पूर्वानुमान

IMD ने अपने बुलेटिन में जानकारी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 18 से 20 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी का एक नया दौर सक्रिय रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है. 

पूर्वी भारत में फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 20 मार्च के बाद हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है. पश्चिम भारत में गुजरात में तापमान में गिरावट और महाराष्ट्र में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा. दक्षिण भारत में अगले 5 दिनों तक तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है.

खेती-किसानी और पशुपालन के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, वहां फसलों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करें. सब्जियों और बागवानी फसलों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सहारा दें और तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें. जिन क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है, वहां खेतों से पानी की निकासी सुनिश्चित करें. पशुपालकों को सलाह है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें शेड में सुरक्षित रखें, साथ ही चारा और पानी का उचित प्रबंधन करें.

MORE NEWS

Read more!