Weather News: कई राज्‍यों में हीटवेव और बारिश का अलर्ट, इन जगहों पर बदल सकता है मौसम

Weather News: कई राज्‍यों में हीटवेव और बारिश का अलर्ट, इन जगहों पर बदल सकता है मौसम

IMD Latest Weather Update: देश के कई राज्यों में मौसम अचानक बदलने वाला है. मौसम विभाग ने गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जानिए 13 मार्च को किन राज्यों में गर्मी, बारिश और आंधी का असर दिख सकता है...

aaj ka mausamaaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 13, 2026,
  • Updated Mar 13, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 13 मार्च को देश के कई हिस्सों के लिए अलग-अलग मौसम अलर्ट जारी किए हैं. गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उससे सटे मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

बीते दिन गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में कई स्थानों पर हीटवेव और कुछ जगहों पर गंभीर हीटवेव दर्ज की गई. वहीं अरुणाचल प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई. तापमान की बात करें तो गुजरात, पश्चिम राजस्थान और विदर्भ के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. नंदुरबार में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो देश में सबसे अधिक रहा.

दिल्ली-NCR में मौसम का हाल और पूर्वानुमान

दिल्ली-एनसीआर में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. 

13 मार्च को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. दिन के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. 

राजस्थान में भी कुछ इलाकों में गरज-चमक की गतिविधि देखने को मिल सकती है. 14 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत का मौसम अपडेट 

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 मार्च के आसपास व्यापक बारिश की संभावना बनी हुई है. अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. 

पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधि संभव है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.

मध्य और पश्चिम भारत का मौसम

मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 13 से 16 मार्च के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. पश्चिम भारत के गुजरात में 13 मार्च तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है. महाराष्ट्र के मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों में भी 14 से 17 मार्च के बीच कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं.

दक्षिण भारत में ऐसा रहेगा मौसम

दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्र में भी आने वाले दिनों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने का अनुमान है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को बढ़ते तापमान को देखते हुए फसलों में हल्की सिंचाई करने की सलाह दी है. गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलों में नमी बनाए रखने के लिए सुबह या शाम के समय सिंचाई करना बेहतर रहेगा. 

सब्जी और बागवानी फसलों में मल्चिंग का प्रयोग कर मिट्टी की नमी को बचाया जा सकता है. पशुपालकों को भी पशुओं को पर्याप्त स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने और उन्हें तेज धूप से बचाने की सलाह दी गई है ताकि गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके.

MORE NEWS

Read more!