पूर्वी और मध्य भारत में जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम

पूर्वी और मध्य भारत में जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम

देश के कई हिस्सों में 20 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहेगा. पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

aaj ka mausam heavy rain alertaaj ka mausam heavy rain alert
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 20, 2026,
  • Updated Aug 20, 2026, 7:00 AM IST

देश में इस समय कुछ इलाकों में भारी बारिश तो कहीं धूप और तेज गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. इस बी, उत्तर भारत में एक्टिव डिप्रेशन अब उत्तर झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए झारखंड, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर जाएगा और कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है. इसके असर से आज पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगह बारिश का दौर जारी रहने और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है.

पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 21 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है. झारखंड में 20 अगस्त को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और आगे 22 से 25 अगस्त के बीच व्यापक बारिश का दौर बन सकता है. आईएमडी के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 22 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त को कई जगह बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने के बाद 21 से 23 अगस्त के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में 20 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा. सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ जगह मध्यम बारिश हो सकती है. शाम से रात के बीच एक और दौर में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चल सकती है और शाम और रात में हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्वी हो सकती है.

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर

इधर, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 20 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में 20 से 25 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 25 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 20 अगस्त को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

पश्चिम और दक्षिण भारत का हाल

कोंकण और गोवा में 25 अगस्त तक कई जगह बारिश होने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में 20 अगस्त को व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि मराठवाड़ा में भी बारिश का दौर रहेगा. गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.

दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक में 20 अगस्त को कई जगह बारिश हो सकती है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर बना रहेगा. तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.

किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह

IMD ने सलाह दी है कि किसान भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करें और निचले खेतों में जलभराव न होने दें. पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में सोयाबीन, मक्का, कपास, गन्ना और सब्जियों के खेतों में जल निकासी सुनिश्चित करें. पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में धान, दलहन और सब्जियों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालें.

वहीं, सलाह दी जाती है कि गीली जमीन में खाद और कीटनाशक का इस्तेमाल फिलहाल टालें. तेज हवा की आशंका वाले इलाकों में सब्जियों, केले, पपीते और अन्य बागवानी फसलों को सहारा दें. कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढक दें. पशुओं को तेज बारिश के दौरान शेड में रखें और चारे को नमी से बचाकर सुरक्षित स्थान पर रखें.

MORE NEWS

Read more!