
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया है. IMD के मुताबिक, अगले दो दिनों में गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. साथ ही उत्तर प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हफ्ते के ज्यादातर दिनों में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का दौर रह जारी सकता है. यहां असम और मेघालय में पूरे हफ्ते बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के एक-दो दौर आ सकते हैं और शाम से रात के दौरान भी हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, 18 अगस्त को भी दिल्ली में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर और शाम से रात के बीच हल्की बारिश के दौर आने की संभावना है. 19 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है.
हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पंजाब में 17 से 18 अगस्त को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 अगस्त तक बहुत भारी बारिश और 19 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, उत्तराखंड में 18 से 22 अगस्त के बीच भारी बारिश के दौर आने की संभावना है, जबकि आज कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 19 अगस्त तक भारी बारिश और 20 से 21 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 से 19 और 21 से 22 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में 18 अगस्त को भारी बारिश और 16 से 17 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
IMD के अनुसार, कोंकण और गोवा में 16 से 22 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि 16 से 17 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. गुजरात क्षेत्र में 16 अगस्त को भारी बारिश और मराठवाड़ा में भी इसी दिन भारी बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 19 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना है. तटीय कर्नाटक में 22 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
भारी बारिश वाले क्षेत्रों में किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है. ओडिशा में धान, मक्का, दलहन, कपास, अरहर, केला और सब्जियों के खेतों में जलभराव रोकने तथा बारिश के दौरान उर्वरक और कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह है.
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अन्य प्रभावित राज्यों में भी जलभराव वाले खेतों में कृषि कार्य, सिंचाई, उर्वरक और पौध संरक्षण गतिविधियां मौसम और मिट्टी की स्थिति सामान्य होने तक टालने की सलाह दी गई है. तेज हवा और बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में केला, पपीता, सब्जियों और अन्य ऊंची या कमजोर फसलों को सहारा देने तथा कटी हुई उपज को सुरक्षित और सूखी जगह पर रखने की सलाह दी गई है.