
अप्रैल की शुरुआत में हल्की राहत देने वाला मौसम अब तेजी से बदलता नजर आ रहा है. मंगलवार को राजधानी में गर्मी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया और ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा रहा. वहीं, रिज क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 39.5 डिग्री तक पहुंच गया. इसके अलावा लोधी रोड में 38.1 डिग्री, आयानगर में 37.8 डिग्री और पालम में 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सभी स्थानों पर सामान्य से ऊपर रहा.
दिलचस्प बात यह रही कि जहां दिन में गर्मी बढ़ रही है, वहीं रात के तापमान में अब भी राहत बनी हुई है. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री, लोधी रोड में 17.6 डिग्री और आयानगर में 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नीचे रहा. इससे साफ है कि दिन और रात के तापमान में फिलहाल बड़ा अंतर बना हुआ है.
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है. बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास जा सकता है. इसका मतलब है कि अब रात में भी धीरे-धीरे गर्म होने लगेंगी और दिन में गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा.
इस बीच, राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है. वायु गुणवत्ता सूचकांक 167 दर्ज किया गया, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में आता है. इस स्तर की हवा संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है, खासकर जब तापमान भी बढ़ रहा हो.
दिल्ली अब शुरुआती गर्मी के चरण में प्रवेश कर चुकी है. दिन के समय तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है और आने वाले दिनों में लू जैसे हालात बनने की संभावना भी बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों को दिन के समय सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत होगी.
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. पूर्वोत्तर राज्यों जैसे सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका बनी हुई है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में 4-5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है. इसके साथ ही मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में हीटवेव और उमस भरे मौसम का असर भी देखने को मिल सकता है, जिससे गर्मी का दबाव और बढ़ेगा. (एजेंसी इनपुट के साथ)