Weather News: मैदानी इलाकों में साफ रहेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

Weather News: मैदानी इलाकों में साफ रहेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

IMD Latest Weather Update: देश के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मैदानी इलाकों में जहां आसमान साफ रहने की उम्मीद है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है. IMD के ताजा अपडेट में तापमान, बारिश और कोहरे को लेकर जानकारी दी है...

aaj ka mausmaaj ka mausm
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Feb 14, 2026,
  • Updated Feb 14, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में देश के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव बने रहने की बात कही है. IMD ने चेतावनी दी है कि दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 16, 17 और 18 फरवरी के दौरान छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके साथ ही 17 और 18 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे विजिबिलि‍टी बेहद कम हो सकती है. 

आज 14 फरवरी को ऐसा रहेगा देशभर में मौसम

14 फरवरी को देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार बन सकते हैं. 

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में दिन के समय साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है. 

पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. मध्य भारत और गुजरात में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम महसूस किया जाएगा.

कैसा रहेगा तापमान का हाल ?

आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 2 से 3 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. मध्य भारत और महाराष्ट्र में भी इसी तरह हल्की बढ़त का रुझान रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान की बात करें तो महाराष्ट्र और कर्नाटक में अगले चार दिनों में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी के संकेत हैं. हालांकि, इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है. तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली-एनसीआर कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और एनसीआर में 16 फरवरी तक मौसम ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है. रात और सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है. विभाग के मुताबिक, 14 और 15 फरवरी को दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से ऊपर रहेगा. 16 फरवरी को आंशिक बादल छा सकते हैं और अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. हवा की गति दिन में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है.

विभ‍िन्‍न राज्यों का मौसम पूर्वानुमान

IMD ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ सकती है. पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान में 17 फरवरी को बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 

अरुणाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 16 और 17 फरवरी को बारिश के आसार हैं. हिमालयी क्षेत्रों में कोहरे और बर्फबारी के कारण सड़क मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है.

पशुपालकों को सलाह

आईएमडी के डिवि‍जन एग्रोमेट ने पशुपालकों को सलाह दी है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए पशुओं को रात के समय खुले में न रखें और शेड में सूखा बिछावन उपलब्ध कराएं. दुधारू पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त चारा और स्वच्छ पानी दें. वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान चराई से बचें और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें.

MORE NEWS

Read more!