युवा प्रधान मोहित सिंह ने रचा विकास का इतिहास, औरैया की बूढ़ादाना पंचायत बनी देश की मिसाल

युवा प्रधान मोहित सिंह ने रचा विकास का इतिहास, औरैया की बूढ़ादाना पंचायत बनी देश की मिसाल

औरैया जनपद की बूढ़ादाना ग्राम पंचायत का नाम आज पूरे प्रदेश में विकसित और स्वच्छ पंचायत के रूप में लिया जाता है. गांव के युवा प्रधान मोहित सिंह ने 5 सालों में विकास की नई इबारत लिख डाली है.

धर्मेंद्र सिंह
  • Aureya ,
  • Feb 23, 2026,
  • Updated Feb 23, 2026, 11:22 AM IST

कहते हैं जहां चाह होती है, वहां राह होती है. इसी सोच को साकार किया है उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की बूढ़ादाना ग्राम पंचायत के युवा ग्राम प्रधान मोहित सिंह ने. वर्ष 2021 के ग्राम प्रधान चुनाव में जीत के बाद उन्होंने गांव की तस्वीर बदलने का संकल्प लिया और मात्र पांच वर्षों में पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और विकसित मॉडल के रूप में पहचान दिला दी.

सीसी रोड से बदली गांव की सूरत

पूरी ग्राम पंचायत की कच्ची और जर्जर सड़कों को सीसी रोड में परिवर्तित कर दिया गया है. इससे जहां आवागमन आसान हुआ है, वहीं बारिश के मौसम में होने वाली समस्याओं से भी ग्रामीणों को राहत मिली है.

अतिक्रमण मुक्त जमीन पर किसानों के लिए बाजार

ग्राम पंचायत की जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराकर किसानों के लिए एक विशेष बाजार का निर्माण कराया गया है. यहां किसान अपने खेतों में उगाए गए फल और सब्जियां सीधे बेच सकते हैं, जिससे उन्हें बेहतर दाम और स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिल रहा है.

सीसीटीवी और शुद्ध पानी की सुविधा

गांव की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है. साथ ही ग्रामीणों के लिए तीन आरओ (RO) मशीनें लगवाई गई हैं, जिनसे सर्दियों में गर्म और गर्मियों में ठंडा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.

घर-घर कूड़ा संग्रह और प्लास्टिक रीसायकल

हर सुबह घर-घर से कूड़ा एकत्र किया जाता है. कूड़े से प्लास्टिक को अलग कर रीसायकल किया जाता है, जिससे स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है. इसी प्रयास के चलते ग्राम पंचायत को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है और स्वच्छ भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है.

बच्चों के लिए खेल मैदान और स्मार्ट शिक्षा

गांव में बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित किया गया है. प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को विशेष ड्रेस वितरण की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चे कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों की तरह नजर आते हैं. बच्चों को आई-कार्ड प्रदान किए गए हैं और स्कूल में स्मार्ट टीवी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें आधुनिक शिक्षा मिल रही है.

मंदिरों का जीर्णोद्धार और हरित पहल

गांव के दो प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया गया है. ग्राम पंचायत की जमीन पर फलदार और छायादार पौधों के साथ ग्रीन पार्क तैयार किया गया है. साथ ही व्यायामशाला और सामुदायिक सौदागरी (सार्वजनिक सुविधा केंद्र) का निर्माण भी कराया गया है.

पलायन रुका, गांव बना आत्मनिर्भर

ग्रामवासियों का कहना है कि विकास कार्यों के कारण अब उन्हें रोजगार या सुविधाओं के लिए शहरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती.

“वादों से बढ़कर किया काम” – मोहित सिंह

ग्राम प्रधान मोहित सिंह का कहना है कि उन्होंने जनता से किए गए वादों से बढ़कर कार्य किया है. आज उन्हें गर्व है कि उनके गांव का नाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान के साथ लिया जा रहा है.

यह ग्राम पंचायत आज अन्य गांवों के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जहां इच्छाशक्ति, पारदर्शिता और विकास की सोच से बदलाव की नई कहानी लिखी जा रही है.

MORE NEWS

Read more!