तेलंगाना में किसानों को बड़ी राहत, इस तारीख को जारी होगी रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त

तेलंगाना में किसानों को बड़ी राहत, इस तारीख को जारी होगी रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त

तेलंगाना के किसानों के लिए एक अच्छी खबर है. दरअसल, तेलंगाना सरकार राज्य के किसानों को रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त जारी करने वाली है. बता दें कि इस योजना की राशि को तीन किस्तों में दिया जाएगा.

रायथु भरोसा योजनारायथु भरोसा योजना
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 16, 2026,
  • Updated Mar 16, 2026, 10:50 AM IST

मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार 22 मार्च को किसानों के लिए रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त जारी करेगी. मुख्यमंत्री सिद्दीपेट जिले के नर्मेट्टा से इस योजना की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे. सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमार्क और कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव और अन्य अधिकारियों के साथ के साथ बैठक की. बैठक में रायथु भरोसा योजना की राशि किसानों के खातों में जमा करने पर चर्चा की गई.

पहली किस्त में मिलेंगे इतने करोड़ रुपये

सरकार पहली किस्त के रूप में 3,590 करोड़ रुपये जारी करेगी. इस राशि का लाभ एक एकड़ तक जमीन रखने वाले करीब 70 लाख किसानों को मिलेगा. यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा, जिससे किसानों को खेती के कामों में आर्थिक मदद मिल सकेगी.

तीन किस्तों में मिलेंगे 9,000 करोड़ रुपये

सरकार ने बताया कि रायथु भरोसा योजना के तहत किसानों को कुल 9,000 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी, जो तीन किस्तों में जारी होगी. पहली किस्त 22 मार्च को जारी होगी. वहीं, दूसरी किस्त पहली किस्त के करीब 20 दिन बाद, लगभग 2,650 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे. इसके अलावा तीसरी और अंतिम किस्त अप्रैल के अंत तक किसानों के खातों में भेज दी जाएगी. सरकार का कहना है कि योजना की पूरी राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके और खेती के काम आसानी से हो सकें.

मूसी नदी के पुनरुद्धार पर भी जोर

इससे पहले मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने मूसी नदी के पुनरुद्धार की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना हैदराबाद के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने नदी तट विकास के मॉडल को समझने के लिए लंदन, सिंगापुर और अहमदाबाद जैसे शहरों का दौरा किया है. उन्होंने साबरमती नदी के विकास मॉडल का भी अध्ययन किया है.

रायथु भरोसा योजना क्या है?

रायथु भरोसा योजना तेलंगाना सरकार की एक किसान सहायता योजना है, जिसका उद्देश्य किसानों को खेती के खर्च के लिए आर्थिक मदद देना है. इस योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में पैसा देती है, ताकि वे बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें. वहीं, इस योजना का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें खेती के लिए आर्थिक सुरक्षा देना है. इससे किसानों को साहूकारों या महंगे कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ता.

किसानों को कैसे मिलता है लाभ

  • सरकार किसानों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से पैसा देती है.
  • राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है.
  • यह पैसा आमतौर पर कई किस्तों में जारी किया जाता है.

किन किसानों को मिलता है फायदा

  • जिन किसानों के पास खेती की जमीन है.
  • राज्य सरकार के रिकॉर्ड में दर्ज किसान.
  • छोटे और सीमांत किसानों को खास प्राथमिकता दी जाती है. (ANI)

MORE NEWS

Read more!