
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लें और जरूरतमंद परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं. मुख्यमंत्री योगी ने अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक क्षति का तत्काल आकलन कराने को कहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का आंकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए.
साथ ही अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने और राहत-सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए. प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. वहीं, अतिवृष्टि के समय नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें व विशेष सावधानी बरतें. उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश में बाढ़ की चुनौती के बीच योगी सरकार की मुस्तैदी से राहत और बचाव अभियान लगातार प्रभावी ढंग से जारी है. सरकार की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों की जान बचाने के साथ उन्हें समय पर भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है. अब तक 14,628 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और बाढ़ से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 27 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों उपखंडों में भारी बारिश की चेतावनी है. हालांकि 28 से 30 अगस्त के बीच फिलहाल भारी बारिश की कोई व्यापक चेतावनी नहीं है, जबकि आगामी 24 घण्टों के बाद कमी आने की संभावना के दृष्टिगत तापमान में क्रमिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-
नेपाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर CM योगी ने दिए निर्देश, महाराजगंज और कुशीनगर जिले में प्रशासन अलर्ट
UP Agriculture: 4 MoU के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की तैयारी, CM योगी ने बताई बड़ी योजना