PM Kisan Yojana में मह‍िला किसान को किस्त में मिला 1 पैसा! महाराष्‍ट्र में सामने आया चौंकाने वाला मामला

PM Kisan Yojana में मह‍िला किसान को किस्त में मिला 1 पैसा! महाराष्‍ट्र में सामने आया चौंकाने वाला मामला

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में PM-Kisan योजना की लाभार्थी लक्ष्मीबाई गिरेपुंजे के मोबाइल पर 2,000 रुपये की जगह 1 पैसे की किस्त का संदेश आने से परिवार परेशान हो गया. खरीफ बुआई से पहले बीज और खाद खरीदने की चिंता बढ़ गई.

PM Kisan 1 Paisa MsgPM Kisan 1 Paisa Msg
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jun 30, 2026,
  • Updated Jun 30, 2026, 4:17 PM IST

महाराष्ट्र के भंडारा जिले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan Yojana) की किस्त को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला किसान के मोबाइल फोन पर ऐसा मैसेज आया, जिसमें उनके खाते में योजना की किस्त के रूप में केवल 1 पैसा जमा होने की जानकारी दिखाई गई. यह मैसेज मिलने के बाद परिवार परेशान हो गया, क्योंकि उन्हें खरीफ सीजन की बुआई के लिए बीज और उर्वरक खरीदने के लिए इस राशि का इंतजार था.

2,000 रुपये की जगह दिखा 1 पैसे आने का मैसेज

भंडारा जिले के जेवनाला गांव की 65 वर्षीय लाभार्थी लक्ष्मीबाई गिरेपुंजे को मोबाइल पर मिले मैसेज में खाते में 0.01 रुपये जमा होने की जानकारी दिखाई दी. लक्ष्मीबाई के बेटे खेमराज गिरेपुंजे ने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि योजना के तहत मिलने वाली 2,000 रुपये की किस्त आएगी, लेकिन 1 पैसे जमा होने का मैसेज देखकर सभी हैरान रह गए. उन्होंने कहा कि खरीफ बुआई शुरू होने के कारण इस समय किसानों को बीज और खाद खरीदने के लिए पैसों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है.

कृषि विभाग ने तकनीकी गड़बड़ी की संभावना जताई

मामला सामने आने के बाद भंडारा जिला कृषि अधिकारी संगीता माने ने पूरे घटनाक्रम पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि ऐसी संभावना है कि लाभार्थी के मोबाइल पर 1 पैसे का संदेश तकनीकी गलती की वजह से पहुंचा हो. विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित किसान के बैंक खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की निर्धारित 2,000 रुपये की किस्त सफलतापूर्वक भेज दी गई है. उन्होंने कहा कि भुगतान प्रक्रिया में किसी तरह की समस्या नहीं पाई गई है.

बैंक रिकॉर्ड में भुगतान सफल दर्ज

कृषि विभाग के मुताबिक, योजना के डिजिटल रिकॉर्ड में भुगतान सफलतापूर्वक पूरा होने की पुष्टि दर्ज है. अधिकारियों का कहना है कि लाभार्थी को अगर किसी तरह का संदेह हो तो वह अपने बैंक खाते की प्रविष्टि की जांच कर सकते हैं या संबंधित कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

खरीफ सीजन में समय पर किस्त का महत्व

मालूम हो कि PM-Kisan योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है. खरीफ सीजन की शुरुआत में मिलने वाली 2,000 रुपये की किस्त किसानों के लिए बीज, उर्वरक और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. पीएम नरेंद्र मोदी ने 20 जून काे बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्ववर से 23वीं क‍िस्‍त के रूप में 18800 करोड़ रुपये जारी किए थे. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!