
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी हो चुकी है. पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम किसान के 23वीं किस्त को DBT के जरिए जारी की है. इस किस्त के तहत 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की गई. ऐसे में खरीफ सीजन से पहले इस किस्त के जारी होने से किसानों में खुशी का माहौल है. लेकिन कई किसानों के खाते में अभी तक पैसे नहीं पहुंचे हैं. ऐसे में जानना जरूरी है कि किस्त चेक कैसे करें और अगर पैसे नहीं आए तो शिकायत कैसे दर्ज कराई जाए.
पीएम किसान योजना की किस्त जारी होने के बाद सरकार रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भेजती है. इसके साथ ही बैंक की ओर से भी ट्रांजैक्शन मैसेज आता है. अगर आपको मैसेज नहीं मिला है, तो इसका मतलब यह नहीं कि पैसे नहीं आए हैं. कभी-कभी बैंक अपडेट में देरी हो सकती है.
किसान सबसे पहले पीएम किसान के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं. इसके बाद Beneficiary Status विकल्प को चुनें. यहां अपना आधार नंबर, बैंक खाता नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करें और Get Data पर क्लिक करें. कुछ ही समय में स्क्रीन पर आपके खाते की जानकारी दिखाई देगी, जिससे पता चल जाएगा कि पीएम किसान योजना की 223वीं किस्त आपके बैंक खाते में जमा हुई है या नहीं.
यदि सभी जानकारी सही होने के बाद भी पैसे नहीं आए हैं, तो आप शिकायत कर सकते हैं. इसके लिए PM Kisan की वेबसाइट पर जाकर Know Your Status में अपना आधार नंबर या मोबाइल नंबर डालकर देखें. वहीं, तकनीकी खराबी की शिकायत के लिए आप 011-24300661 या टोल-फ्री नंबर 155261 पर कॉल कर सकते हैं. साथ ही आप अपनी समस्या की पूरी जानकारी इमेल pmkisan-ict@gov.in पर भेज सकते हैं. इस प्रक्रिया से आप आसानी से यह जान सकते हैं कि पैसे क्यों रुके हैं और किस तरीके से उन्हें प्राप्त किया जा सकता है.
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे किसानों को आर्थिक मदद मिलती है. वहीं, इस बार खरीफ सीजन की शुरुआत में 23वीं किस्त आने से किसानों को धान और खरीफ की फसलों की खेती में मदद मिलेगी.