
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू शनिवार को पलनाडू जिले के चिलकालुरिपेट मंडल के लिंगागुंटला गांव से 'अन्नदाता सुखीभव-पीएम किसान' योजना के तहत 3,125.47 करोड़ रुपये जारी करेंगे, जिससे कुल 46,85,838 किसानों को फायदा होगा. लाभार्थियों में जमीन के मालिक किसान परिवार (45,69,817) और 'वन अधिकार अधिनियम' (RoFR) के तहत जमीन पर खेती करने वाले किसान परिवार (1,16,021) शामिल हैं.
पिछले साल, सरकार ने इस योजना के तहत 8,985.41 करोड़ रुपये बांटे थे, जिसमें राज्य सरकार के 6,560.18 करोड़ रुपये और केंद्र सरकार के 2,425.23 करोड़ रुपये शामिल थे.
'सुपर सिक्स' वादों के तहत लागू की गई यह योजना हर पात्र किसान परिवार को सालाना 20,000 रुपये की आर्थिक मदद देती है. इसमें राज्य सरकार 14,000 रुपये देती है, जबकि केंद्र सरकार 'पीएम-किसान' योजना के ज़रिए 6,000 रुपये देती है. यह मदद राज्य और केंद्र सरकारों द्वारा तीन किस्तों में दी जाती है.
इस साल की पहली किस्त के तौर पर, राज्य सरकार 5,000 रुपये और केंद्र सरकार 'पीएम-किसान' के तहत 2,000 रुपये देगी, जिससे हर पात्र किसान के खाते में कुल 7,000 रुपये जमा होंगे.
तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री कल दोपहर 12:15 बजे चिलकालुरिपेट मंडल के लिंगागुंटला गांव पहुंचेंगे. दोपहर 12:30 बजे, वह गांव के आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा करेंगे और वहां की सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे. दोपहर 12:50 बजे से 1:20 बजे तक, मुख्यमंत्री किसानों से बातचीत करेंगे. इसके बाद वह दोपहर 2:15 बजे से 3:45 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे. दोपहर 3:50 बजे, मुख्यमंत्री 'प्रजा वेदिका' स्थल पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे. मुख्यमंत्री शाम 6:00 बजे लिंगनगुंटला से निकलेंगे और शाम 6:20 बजे कैंप ऑफिस लौटेंगे.
इससे पहले, सरकार ने 2 अगस्त 2025 को पहली किस्त के तौर पर 3,174 करोड़ रुपये जारी किए थे, जिसमें हर लाभार्थी के खाते में 7,000 रुपये जमा किए गए थे. 19 नवंबर 2025 को 3,135 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त बांटी गई, जिसमें हर लाभार्थी को 7,000 रुपये मिले. पीएम किसान के 6,000 रुपये की किस्त के साथ, सरकार हर किसान को सालाना 20,000 रुपये की मदद देने का वादा निभा रही है.
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली से पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी करेंगे. प्रधानमंत्री देशभर के किसानों के खाते में 2000 रुपये की किस्त ट्रांसफर करेंगे. इसमें आंध्र प्रदेश के किसान भी शामिल हैं जिन्हें पीएम किसान की 23वीं किस्त का लाभ मिलेगा. प्रधानमंत्री PM-किसान योजना की 23वीं किस्त के तहत 18,880 करोड़ रुपये जारी करेंगे, जिससे देश भर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को लाभ होगा.