UP: चित्रकूट में बाढ़ के कहर से किसानों की फसल बर्बाद, CM योगी ने दिए तत्काल मुआवजा देने के निर्देश

UP: चित्रकूट में बाढ़ के कहर से किसानों की फसल बर्बाद, CM योगी ने दिए तत्काल मुआवजा देने के निर्देश

Chitrakoot News: मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार उपलब्ध रहें और प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सहायता समय पर मिले. सीएम योगी ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
क‍िसान तक
  • LUCKNOW,
  • Sep 07, 2026,
  • Updated Sep 07, 2026, 8:54 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट दौरे के दौरान बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसल क्षति का सर्वे शीघ्र पूरा कराया जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. वहीं, पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए. उन्होंने आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए भी प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए.

गोशालाओं में पर्याप्त चारे की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने पशुधन की सुरक्षा के लिए गोशालाओं की जांच कराने और वहां पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने लंपी डिजीज से बचाव के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध करने को कहा. योगी ने कहा कि राहत और पुनर्वास के साथ चित्रकूट के लिए ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे भविष्य में अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके. इसमें मंदाकिनी के प्राकृतिक प्रवाह, कैचमेंट एरिया, अतिक्रमण, जल निकासी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए.

विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार उपलब्ध रहें और प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सहायता समय पर मिले. सीएम योगी ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है. इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी बीमारी के लक्षण सामने आने पर तत्काल उपचार और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.

बाढ़ पीड़ितों को सौंपा चेक

इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित हुए सैकड़ों परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द जाना और उन्हें राशन किट व राहत सामग्री वितरित की. आपदा की इस घड़ी में त्वरित सहायता पहुंचाते हुए मुख्यमंत्री ने उन तीन बाढ़ पीड़ितों में से प्रत्येक को 1 लाख 20 हजार रुपये के चेक सौंपे, जिनके आशियाने बाढ़ की भेंट चढ़ गए थे वहीं कुछ लाभार्थियों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र भी दिये। प्रशासन अभी सर्वे करा रहा है, शीघ्र ही अन्य प्रभावितों को भी ऐसी ही मदद दी जाएगी.

राहत कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

राहत सामग्री वितरण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है. सरकार द्वारा हर वर्ग के सभी प्रभावित लोगों को बिना किसी भेदभाव के हर संभव मदद दी जाएगी. सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ये भी पढे़ं-

यूपी में आज कहां-कहां होगी बारिश? IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट, जानें ताजा अपडेट

बिहार में बाढ़ का कहर, 12 जिलों में 22 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, तेजस्‍वी यादव ने उठाई ये मांग

MORE NEWS

Read more!