लाडली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ मह‍िलाओं के खातों में पहुंचे 1,835 करोड़ रुपये

लाडली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ मह‍िलाओं के खातों में पहुंचे 1,835 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर-मालवा में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के तहत प्रदेश की करीब सवा करोड़ महिलाओं के खातों में 1,835 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की. इस दौरान जिले में 255 करोड़ रुपये के 50 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया.

Ladli Behna Yojana 40th installment released Ladli Behna Yojana 40th installment released
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 13, 2026,
  • Updated Sep 13, 2026, 7:36 PM IST

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर-मालवा के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 40वीं किस्त ट्रांसफर की. इस दौरान प्रदेश की करीब सवा करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सितंबर माह की आर्थिक सहायता के रूप में 1,835 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से भेजी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लाडली बहनें अब केवल सरकारी सहायता पाने वाली नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से सक्षम होकर कमाई करने वाली बन रही हैं.

255 करोड़ के 50 विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा जिले के लिए करीब 255 करोड़ रुपये की लागत वाले 50 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया. इन परियोजनाओं से जिले में बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों और सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के साथ ही किसान, युवा और गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है.

लाडली लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों को भी मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान लाडली लक्ष्मी योजना की दो हितग्राहियों को लाभ पत्र प्रदान किए. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से हितलाभ और चेक बांटे गए. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर कृषि, उद्यानिकी, आजीविका मिशन और महिला एवं बाल विकास से जुड़े उत्पादों तथा गतिविधियों की जानकारी भी ली.

50 लाख पट्टाधारियों की जमीन की होगी फ्री रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामित्व योजना को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 50 लाख भू-अधिकार पट्टाधारियों की जमीन की निःशुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी. इस प्रक्रिया का उद्देश्य पट्टाधारियों को उनकी जमीन का वैध मालिकाना हक दिलाना है. इससे लाभार्थियों को भूमि संबंधी अधिकारों का दस्तावेजी प्रमाण मिलने और संपत्ति के उपयोग में सुविधा होने की उम्मीद है.

लाडली बहनों को वादे पूरे करने का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को दी जा रही मासिक सहायता को समय-समय पर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महि‍ला सशक्तिकरण को सि‍र्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं रख रही है, बल्‍कि उन्‍हें आर्थिक संबल देकर आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता है.

आगर को लॉ कॉलेज महाविद्यालय की सौगात

समारोह में मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा में विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) की सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी कही. इससे जिले के विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए स्थानीय स्तर पर अवसर मिल सकेगा. कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

MORE NEWS

Read more!