लाड़ली बहनों के खाते में फिर आएंगे ₹1,500! 13 सितंबर को 40वीं किस्त, जानें कितनी महिलाओं को मिलेगा लाभ

लाड़ली बहनों के खाते में फिर आएंगे ₹1,500! 13 सितंबर को 40वीं किस्त, जानें कितनी महिलाओं को मिलेगा लाभ

MP Ladli Behna Yojana की 40वीं किस्त 13 सितंबर को जारी होगी. मुख्यमंत्री मोहन यादव आगर मालवा से 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में ₹1,835 करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर करेंगे.जानिए किस्त, योजना की अब तक की राशि और आगर मालवा को मिलने वाली विकास कार्यों की सौगात.

धर्मेंद्र सिंह
  • Bhopal ,
  • Sep 12, 2026,
  • Updated Sep 12, 2026, 6:08 PM IST

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे.इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी.

मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है.सितंबर 2026 की किस्त के साथ ही योजना के तहत नियमित मासिक सहायता की 40वीं किस्त पूरी हो जाएगी.

13 सितंबर को आएगी 40वीं किस्त

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 13 सितंबर को आगर मालवा से सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे. इस दौरान 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी.

सितंबर की किस्त के बाद योजना शुरू होने से अब तक महिलाओं के खातों में नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी.

₹1,000 से शुरू हुई थी योजना, अब ₹1,500 मिल रहे

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी.उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी.

इसके बाद अक्टूबर 2023 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई और यह राशि 1,250 रुपये प्रतिमाह हो गई. नवंबर 2025 से फिर 250 रुपये की वृद्धि के बाद वर्तमान में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं.

अब तक 39 किस्तों का भुगतान

जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है. अब सितंबर 2026 में महिलाओं को 40वीं किस्त मिलेगी.

इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी.

पेंशन पाने वाली महिलाओं को भी योजना का लाभ

योजना के प्रावधानों के तहत ऐसी पात्र महिलाओं को भी लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रतिमाह 900 रुपये मिलते हैं. इस स्थिति में उन्हें निर्धारित राशि और प्राप्त पेंशन के बीच की अंतर राशि उपलब्ध कराई जाती है.

लाड़ली बहनों तक पहुंची ₹65 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि

सरकारी जानकारी के अनुसार जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 63,560.90 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं.वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है. सितंबर 2026 तक योजना के तहत करीब 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

आगर मालवा को भी मिलेगी विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के अंतरण के साथ कई विकास कार्यों की सौगात भी देंगे.

मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे. इसके अलावा 28.14 करोड़ रुपये की लागत वाले 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा.यानी 13 सितंबर को आगर मालवा से एक ओर जहां प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचेगी, वहीं जिले को भी करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी.

 

MORE NEWS

Read more!