Shivraj Singh Chouhan: जन्मदिन पर ‘मामा कोचिंग’ की शुरुआत करेंगे शिवराज, प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी मुफ्त तैयारी

Shivraj Singh Chouhan: जन्मदिन पर ‘मामा कोचिंग’ की शुरुआत करेंगे शिवराज, प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी मुफ्त तैयारी

विदिशा में 5 मार्च को शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन इस बार खास रहने वाला है. विद्यार्थियों के लिए ‘मामा कोचिंग’ शुरू करने की घोषणा की गई है, जहां कई प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी होगी. साथ ही प्रतिभा सम्मान और चलित अस्पताल जैसी पहल भी शुरू होंगी.

Agriculture Minister Shivraj Singh Birthday NewsAgriculture Minister Shivraj Singh Birthday News
रवीश पाल सिंह
  • Bhopal ,
  • Mar 04, 2026,
  • Updated Mar 04, 2026, 1:04 PM IST

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपना जन्मदिन विदिशा में प्रेम-सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाएंगे. इस मौके पर वे शिक्षा, पर्यावरण, सेवा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े कई नए सामाजिक अभियानों की शुरुआत करेंगे. कार्यक्रम के दौरान वे पांच बड़े संकल्पों की घोषणा भी करेंगे, जिनका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण समाज को सीधा लाभ पहुंचाना है. अपने जन्मदिन के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान विद्यार्थियों के लिए एक नई पहल “मामा कोचिंग क्लासेस” शुरू करने जा रहे हैं. 

इस पहल के तहत युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और बेहतर गुणवत्ता वाली तैयारी कराई जाएगी. शुरुआत में यह कोचिंग व्यवस्था विदिशा, रायसेन और भैरुंदा क्षेत्रों में शुरू की जाएगी. इन कोचिंग कक्षाओं में बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. इस पहल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को मदद देना है जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते.

समर्थकों से पौधा लगाने की अपील

जन्मदिन के मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अलग तरह का संदेश दिया है. उन्होंने कहा है कि इस बार जन्मदिन पर कोई भी माला, गुलदस्ता या उपहार लेकर न आए. इसके बजाय सभी लोग एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें.

जो लोग पौधा लगाएंगे, वे एक क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे और “शिव वृक्ष मित्र” अभियान से जुड़ पाएंगे. इस पहल को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण से जोड़कर देखा जा रहा है.

टॉपर्स को मिलेगा ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’

शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति में “प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान” शुरू करने का निर्णय भी लिया है. इसके तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा सीटों में कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉप छात्रों को सम्मानित किया जाएगा.

टॉप तीन विद्यार्थियों को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी. इसके अलावा लोकसभा स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे.

गांवों में पहुंचेगी ‘मामा चलित अस्पताल’ सेवा

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के लिए “मामा चलित अस्पताल” योजना भी शुरू की जाएगी. विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में मोबाइल अस्पताल वाहन चलाए जाएंगे, जिनमें आधुनिक जांच उपकरण और डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी.

ये वाहन गांवों और छोटे-छोटे मजरे-टोलों तक जाकर लोगों को निशुल्क जांच, इलाज और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराएंगे. इस पहल का संचालन सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा.

दिव्यांगजनों को मिलेंगी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

इसी कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी पहल की जाएगी. क्षेत्र में दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल भेंट की जाएंगी, ताकि उनकी दैनिक आवाजाही आसान हो सके और वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने काम कर सकें.

इन सभी पहलों के जरिए शिवराज सिंह चौहान अपने जन्मदिन को सामाजिक सेवा और जनहित के संकल्पों से जोड़ने जा रहे हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है.

MORE NEWS

Read more!