'गेहूं किसानों को ब्यूरोक्रेसी में उलझा रही हरियाणा सरकार', मंडियों में बदइंतजामी पर भड़के भूपेंद्र सिंह हुड्डा

'गेहूं किसानों को ब्यूरोक्रेसी में उलझा रही हरियाणा सरकार', मंडियों में बदइंतजामी पर भड़के भूपेंद्र सिंह हुड्डा

हरियाणा की मंडियों में अव्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि किसानों को जटिल प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है, जिससे फसल खरीद और MSP भुगतान प्रभावित हो रहा है और मंडियों में समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं.

Bhupinder Singh Hooda In Gurugram MandiBhupinder Singh Hooda In Gurugram Mandi
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 14, 2026,
  • Updated Apr 14, 2026, 2:02 PM IST

हरियाणा में जारी सरकारी गेहूं खरीद के बीच मंडियों की व्यवस्था और नियमों को लेकर सियासत तेज है. पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य सरकार पर किसानों को परेशान करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से बचने का आरोप लगाया है. सीनियर कांग्रेस लीडर ने सोमवार को गुरुग्राम जिले की सोहना अनाज मंडी के दौरे पर किसानों, आढ़तियों और मजदूरों से बातचीत की. उन्होंने कहा कि प्रदेश की कई मंडियों में किसान और उनकी फसल लगातार परेशानी झेल रहे हैं. ऑनलाइन पोर्टल के सही तरीके से काम न करने के कारण गेट पास बनाना, बोली लगाना, खरीद प्रक्रिया और भुगतान जैसे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं.

'ब्यूरोक्रेसी में उलझाए जा रहे किसान'

पूर्व सीएम हुड्डा ने आरोप लगाया कि किसानों को जानबूझकर जटिल प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है. इससे सरकार फसल खरीद से बच सकती है और MSP देने की जिम्मेदारी से भी किनारा कर सकती है. उन्होंने कहा कि उन्होंने समपला, नारायणगढ़, सढ़ौरा, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल की मंडियों का भी दौरा किया है, जहां हालात लगभग एक जैसे हैं.

आढ़तियों ने भी उठाए सवाल

सोहना मंडी में आढ़तियों ने भी अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई. उन्‍होंने कहा कि गोदामों में बोरियों (बारदाना) तक की कमी है, जिससे खरीद और उठान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में देरी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.

कांग्रेस नेताओं को दिया निर्देश

हुड्डा ने कांग्रेस के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को निर्देश दिया कि वे रोजाना मंडियों का दौरा करें और अधिकारियों को जमीनी हकीकत से अवगत कराएं. उन्होंने कहा कि अगर कहीं लापरवाही मिलती है तो उसका विरोध दर्ज कराया जाए और जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाए.

सरकार पर नियमों की अनदेखी का आरोप

इस दौरान कांग्रेस के जिला ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने हितों के लिए नियमों की अनदेखी कर रही है और मौजूदा कृषि व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है. मंडियों में खरीद नाममात्र की रह गई है और जो खरीद हो भी रही है, उसमें भी किसानों को नई शर्तों के जरिए परेशान किया जा रहा है. बता दें कि हाल ही में मंडियों के नियमों और खरीद व्‍यवस्‍था को लेकर किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया था. बीकेयू (टिकैत) के बैनर तले किसानों ने कई जगहों पर सकड़ जाम कर विरोध जताया था.  (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!