PHOTOS: पराली से तैयार कर रहे ईंधन, फरीदकोट के चाचा-भतीजे की अनोखी पहल

फोटो गैलरी

PHOTOS: पराली से तैयार कर रहे ईंधन, फरीदकोट के चाचा-भतीजे की अनोखी पहल

पराली की समस्या का निकाला अनोखा समाधान
  • 1/7

पंजाब के फरीदकोट जिले के सुक्खनवाला गांव के दो किसानों ने पराली जलाने की समस्या का एक नया समाधान तलाशने की पहल की है. चाचा-भतीजे जगदीप सिंह और बहादुर सिंह ने पराली से ठोस ईंधन तैयार करने का प्रोजेक्ट शुरू किया है. उनका बनाया ईंधन लकड़ी और कोयले के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. खास बात यह है कि दोनों किसान पिछले करीब 15 साल से अपने खेतों में पराली नहीं जला रहे हैं. अब उन्होंने पराली को बेकार समझने के बजाय उससे उपयोगी ईंधन तैयार करने का रास्ता चुना है.

  • 2/7

करीब 20 एकड़ जमीन पर खेती करने वाले जगदीप सिंह और बहादुर सिंह लंबे समय से पराली प्रबंधन के लिए दूसरे तरीके अपना रहे हैं. आसपास के किसानों को पराली जलाने की समस्या से जूझते देख उन्होंने इसके इस्तेमाल का नया तरीका खोजने का फैसला किया. जगदीप सिंह ने बताया कि उन्हें पराली से ईंधन बनाने के प्रोजेक्ट की जानकारी यूट्यूब पर वीडियो देखते समय मिली. पंजाब में ऐसी यूनिट नहीं मिलने पर उन्होंने हरियाणा के पिंजौर जाकर इस तकनीक को समझा. वहां तैयार ईंधन को खरीदकर उसकी क्वालिटी भी जांची. इसके बाद करीब 14 लाख रुपये खर्च करके गांव में ही अपनी यूनिट लगा दी.

  • 3/7

इस प्रोजेक्ट की खासियत यह है कि इसमें 30 प्रतिशत पराली और 70 प्रतिशत अन्य कृषि अवशेषों का इस्तेमाल किया जाता है. अन्य अवशेषों में चावल का छिलका और दूसरी फसलों से निकलने वाला बचा हुआ पदार्थ शामिल किया जा सकता है. इस तरह अलग-अलग फसलों के अवशेषों को मिलाकर ठोस ईंधन तैयार किया जाता है. इससे सिर्फ धान की पराली ही नहीं, बल्कि दूसरे फसल अवशेषों का भी उपयोग हो सकता है. किसानों का मानना है कि इस तकनीक से खेतों में पड़े कृषि अवशेषों को उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है.

  • 4/7

ईंधन बनाने की प्रक्रिया में सबसे पहले पराली और दूसरे कृषि अवशेषों को बारीक चूरे के रूप में तैयार किया जाता है. इसके बाद मशीनों की मदद से इस मिश्रण को सुखाया जाता है और एक विशेष प्रक्रिया से ठोस ईंधन में बदल दिया जाता है. तैयार ईंधन काफी सख्त होता है और इसे लकड़ी और कोयले की तरह जलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है.

  • 5/7

बहादुर सिंह ने बताया कि उनके प्रोजेक्ट में तैयार होने वाले ईंधन की आपूर्ति कुछ स्कूलों और ढाबों में की जा रही है. स्कूलों में इसका इस्तेमाल मिड-डे मील तैयार करने के लिए किया जा रहा है. इसके अलावा ढाबों में भी इसे ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है. किसानों का कहना है कि यदि इस ईंधन का इस्तेमाल बढ़ता है तो लकड़ी पर निर्भरता कम हो सकती है. इससे खाना पकाने और दूसरे व्यावसायिक कामों के लिए एक वैकल्पिक ईंधन उपलब्ध हो सकेगा.

  • 6/7

दोनों किसानों का मानना है कि सरकार इस पहल को बढ़ावा दे तो पराली प्रबंधन की दिशा में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. स्कूलों के मिड-डे मील, ईंट भट्ठों, तंदूर और दूसरे व्यावसायिक संस्थानों में इस तरह के ईंधन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा सकता है. इसके लिए ऐसे प्रोजेक्ट लगाने वाले किसानों को आर्थिक और तकनीकी सहायता देने की जरूरत है.

  • 7/7

जगदीप सिंह और बहादुर सिंह का कहना है कि पराली किसानों के लिए सिर्फ एक समस्या नहीं, बल्कि कमाई का साधन भी बन सकती है. अगर फसल अवशेषों का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो उनसे उपयोगी ईंधन तैयार किया जा सकता है. इससे खेतों में पराली जलाने की जरूरत कम होगी और ईंधन के लिए लकड़ी की मांग घटने से पेड़ों की कटाई पर भी रोक लगाने में मदद मिल सकती है. 

Latest Photo