PHOTOS: किचन गार्डन में आसानी से उगाएं अदरक, इन हैक्स से भरपूर मिलेगी पैदावार

फोटो गैलरी

PHOTOS: किचन गार्डन में आसानी से उगाएं अदरक, इन हैक्स से भरपूर मिलेगी पैदावार

गमले में उगाएं अदरक
  • 1/7

अगर आप चाहते हैं कि आपकी सुबह की चाय में ताजगी और सब्जियों में देसी खुशबू का स्वाद बना रहे, तो किचन गार्डन में अदरक उगाना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इन दिनों घर पर ऑर्गेनिक और ताजा अदरक उगाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. खास बात यह है कि अदरक की खेती के लिए बड़े खेत की जरूरत नहीं होती, इसे आप आसानी से गमले, ग्रो बैग या घर की छोटी क्यारी में भी उगा सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे.

  • 2/7

अदरक उगाने के लिए सबसे सही समय जून को माना जाता है. इस दौरान मौसम में हल्की गर्माहट होती है जो इसकी ग्रोथ के लिए एकदम परफेक्ट है. अगर आप भी अपने घर की छत या बालकनी में इसे लगाने की सोच रहे हैं. तो बाजार से अच्छी क्वालिटी का थोड़ा बड़ा और गांठदार अदरक खरीदकर लाएं.

  • 3/7

अदरक की अच्छी पैदावार के लिए सही गमले का चयन बेहद जरूरी है. इसे लगाने के लिए कम से कम 12 से 15 इंच गहरा और पर्याप्त चौड़ाई वाला गमला या ग्रो बैग चुनें, ताकि अदरक की गांठें (राइजोम) मिट्टी के अंदर आसानी से फैल सकें और उनका विकास बेहतर हो. साथ ही, इस बात का विशेष ध्यान रखें कि गमले के नीचे पानी निकासी के छेद जरूर हो. 

  • 4/7

अदरक के लिए 50 फीसदी सामान्य मिट्टी, 30 प्रतिशत सड़ी गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट और 20 परसेंट रेत मिलाकर मिट्टी तैयार करें. अच्छी जल निकासी वाली भुरभुरी मिट्टी अदरक की खेती के लिए सबसे उपयुक्त होती है. ऐसी मिट्टी में गांठों का विकास बेहतर होता है और अदरक का आकार भी बड़ा मिलता है.

  • 5/7

अदरक लगाने के लिए बाजार से लाए गए अदरक के टुकड़े को मिट्टी में लगभग 2 से 3 इंच गहराई तक दबा दें. ध्यान रखें कि अदरक पर मौजूद छोटे-छोटे उभार ऊपर की ओर रहें, क्योंकि इन्हीं से नए पौधे निकलते हैं. बुवाई के बाद हल्का पानी दें और गमले को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह की हल्की धूप मिले और दिन में थोड़ी छांव भी रहे इससे पौधे की बढ़वार अच्छी होती है.

  • 6/7

अदरक के पौधे को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती है. इसलिए गमले में तभी पानी डालें जब ऊपर की मिट्टी सूखी हो. वहीं, ध्यान रखें कि जरूरत से ज्यादा पानी देने पर अदरक की गांठें सड़ सकती हैं. ऐसे में हफ्ते में एक बार पानी डालें.

  • 7/7

करीब 15 से 20 दिनों में मिट्टी से छोटे-छोटे हरे पौधे बाहर निकलने लगेंगे जिन्हें देखकर आपको बेहद खुशी होगी. वहीं, लगभग 7 से 8 महीने की अच्छी देखभाल के बाद जब पौधे की पत्तियां पीली होकर सूखने लगें तो समझें आपकी अदरक तैयार है. अब आप मिट्टी खोदकर बिल्कुल फ्रेश और खुशबूदार अदरक निकाल सकते हैं.