
राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व से एक बेहद खास खबर सामने आई है. यहां पहली बार एक सफेद मोर देखा गया है, जिसके बाद यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है. सरिस्का के बाला किला बफर जोन में सफारी के दौरान पर्यटकों की नजर इस दुर्लभ पक्षी पर पड़ी. सफेद मोर को देखकर पर्यटक भी हैरान रह गए और उन्होंने इसकी तस्वीरें व वीडियो अपने कैमरों में कैद कर लिए.
सफेद मोर की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं. लोगों ने इस दुर्लभ पक्षी को लेकर काफी रुचि दिखाई. सरिस्का में पहली बार सफेद मोर दिखने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई. वन्यजीव प्रेमी और प्रकृति प्रेमी इस अनोखे दृश्य को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं.
यह दुर्लभ सफेद मोर सरिस्का के बाला किला बफर जोन के बारा लिवारी ट्रैक पर देखा गया. सफारी के लिए पहुंचे पर्यटकों ने सबसे पहले इसे देखा और इसकी तस्वीरें लीं. सरिस्का के फोटोग्राफर और नेचर गाइड हिमांशु शर्मा के अनुसार, सरिस्का के इतिहास में पहली बार किसी सफारी के दौरान सफेद मोर दिखाई दिया है.
विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ मोरों में एक दुर्लभ अनुवांशिक बदलाव या बीमारी के कारण उनके पंखों का रंग सफेद हो जाता है. सामान्य मोर जहां नीले और हरे रंग के होते हैं, वहीं यह मोर पूरी तरह सफेद दिखाई देता है. इसी कारण ऐसे मोर बहुत कम देखने को मिलते हैं और इन्हें दुर्लभ माना जाता है.
सफेद मोर की जानकारी मिलने के बाद सरिस्का प्रशासन भी सक्रिय हो गया है. अधिकारियों ने मोर की निगरानी शुरू कर दी है ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. सरिस्का के मुख्य वन संरक्षक (CCF) संग्राम सिंह ने बताया कि उन्हें सफेद मोर की जानकारी मिली है और इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.
सरिस्का टाइगर रिजर्व पहले से ही बाघों, पैंथरों, सांभर, चीतल, नीलगाय, भालू और कई अन्य वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है. यहां मोरों और गिद्धों की संख्या भी काफी अधिक है. अब पहली बार दिखे इस सफेद मोर ने सरिस्का की पहचान को और खास बना दिया है. इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी का रुख कर रहे हैं और सरिस्का एक बार फिर देशभर में सुर्खियां बटोर रहा है.