
अप्रैल का महीना शुरू होते ही गर्मी अपना असली रंग दिखाने लगी है. दिन चढ़ते ही धूप तेज होने लगी है और घर के अंदर भी गर्मी महसूस हो रहा है. ऐसे में लोग राहत पाने के लिए एसी, कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं. लेकिन अगर आप बिना ज्यादा खर्च के अपने घर को ठंडा और ताजा रखना चाहते हैं तो इसका एक आसान और प्राकृतिक तरीका है घर में कुछ खास पौधे लगाना.
एक्सपर्ट के अनुसार कुछ ऐसे पौधे हैं. जो न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाते हैं. बल्कि गर्मी को भी कम करने में मदद करते हैं. ये पौधे हवा को ठंडा रखते हैं और वातावरण को शुद्ध बनाते हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसकी देखभाल भी बहुत आसान होती है और इन्हें घर के अंदर या बालकनी में आसानी से रखा जा सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं कौन से 5 पौधे लगाएं.
सबसे पहला पौधा एरेका पाम है. इसे नेचुरल एयर ह्यूमिडिफायर कहा जाता है, क्योंकि यह हवा में नमी बढ़ाता है. इससे कमरे का तापमान थोड़ा कम महसूस होता है और माहौल ठंडा और तरोताजा बना रहता है. इसे लिविंग रूम या हॉल में रखना सबसे बेहतर माना जाता है.
दूसरा पौधा स्नेक प्लांट है, जो बहुत फायदेमंद माना जाता है. इस पौधे की खास बात ये है कि यह पौधा रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है, जिससे कमरे की हवा साफ और ताजा बनी रहती है. वहीं, इसकी देखभाल करना बहुत आसान है. इसे ज्यादा पानी या धूप की जरूरत नहीं होती और यह कम रोशनी में भी अच्छी तरह बढ़ जाता है. इसी वजह से इसे बेडरूम में रखना सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि यह सोते समय भी हवा को साफ रखने में मदद करता है.
तीसरा पौधा एलोवेरा है. यह सिर्फ त्वचा के लिए ही नहीं, बल्कि घर के वातावरण के लिए भी काफी फायदेमंद होता है. एलोवेरा आसपास की हवा को ठंडा रखने में मदद करता है और शुद्ध हवा प्रदान करता है. इसे ज्यादा पानी या धूप की जरूरत नहीं होती है. इसलिए यह आसानी से घर में लगाया जा सकता है.
चौथा पौधा मनी प्लांट है, जो लगभग हर घर में देखा जाता है. यह हवा में मौजूद हानिकारक तत्वों को कम करता है और वातावरण को साफ बनाता है. इसके साथ ही यह घर की सजावट को भी खूबसूरत बनाता है. इसे पानी या मिट्टी दोनों में आसानी से उगाया जा सकता है.
पांचवां और आखिरी पौधा पीस लिली है. यह पौधा हवा में मौजूद जहरीले रसायनों को फिल्टर करता है और नमी बढ़ाकर कमरे को ठंडा रखने में मदद करता है. इसे ज्यादा धूप की जरूरत नहीं होती है. इसलिए इसे घर के छायादार कोनों में भी रखा जा सकता है. अगर आप भी गर्मी में अपने घर को ठंडा, ताजा और शुद्ध बनाना चाहते हैं तो इन पौधों को जरूर अपनाएं.