
सोमवार दोपहर प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई और कई घायल हैं. इस घटना के बाद कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस लीक होने लगी. पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) कुलदीप गुणावत ने बताया कि इमारत अचानक ढह गई, जिससे मजदूर मलबे के नीचे दब गए.
घटनास्थल से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, हादसे में चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 12 घायल मजदूरों का मेडिकल कॉलेज के एसआरएन और तेज बहादुर सप्रू बेली अस्पताल में इलाज चल रहा है. मौके पर लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव और राहत में जुटी हैं.
पीएमओ ने एक्स पर पोस्ट कर घायलों और मृतकों को मुआवजे का ऐलान किया है. घायलों को 50-50 और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए के मुआवजे का डीएम मनीष कुमार वर्मा ने ऐलान किया है. डीएम के मुताबिक अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार के मुताबिक एनडीआरएफ की एक टीम वाराणसी से बुलाई गई है, जबकि एसडीआरएफ की तीन टीमें और फायर ब्रिगेड लगातार बचाव और राहत कार्य में जुटी हैं.
इमारत गिरने के बाद, कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस लीक होने लगी, जिसके बाद आपातकालीन बचाव कार्य शुरू कर दिए गए. दमकल विभाग गैस लीक को रोकने का काम कर रहा था, जबकि जिला प्रशासन और पुलिस की टीमों को भी घटनास्थल पर तैनात कर दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि इलाके को सुरक्षित करने और आगे किसी भी खतरे को रोकने के प्रयास जारी हैं.
घटना के तुरंत बाद कोल्ड स्टोरेज की तरफ जाने वाले मार्ग का डाइवर्जन किया गया. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका थी जिसे देखते हुए बड़ी तैयारी के साथ राहत और बचाव अभियान चलाया गया. एसडीआरएफ, पुलिस के आला अधिकारी और 7 बुलडोजर के सहारे मलबे को हटाए जाने का काम जारी है.
प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने कोल्ड स्टोरेज के मानकों पर सवाल उठाए और कहा कि घटना की जांच होगी. उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. बता दें कि ये कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे अंसार अहमद का है.
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक कई लोगों को निकाला गया है. घटनास्थल पर एक मजदूर विनय यादव ने 'आजतक' को बताया कि बिल्डिंग जर्जर थी और काफी पुरानी थी. अंदर कम से कम 20 लोग थे. इनमें कुछ की मौत हुई है. घायलों को एंबुलेंस से ले जाया गया है. चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई है.
प्रयागराज डीएम मनीष कुमा वर्मा के मुताबिक, अभी रेस्क्यू का काम चल रहा है इसलिए कैजुअल्टी के बारे में बता पाना संभव नहीं है. घटना की सूचना डेढ़ से दो बजे के बीच मिली थी. प्रशासनिक टीम लगी है. राहत-बचाव कार्य प्राथमिकता है. फाफामऊ के चंदापुर में ये हादसा हुआ है. हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस रिसाव की भी आशंका जताई गई है. ऐसे में भीड़ को वहां से हटा दिया गया है. इस दौरान पुलिस को लोगों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी. इलाके में सायरन की गूंज सुनाई पड़ रही है.(पंकज श्रीवास्तव/आनंद राज का इनपुट)