हैदराबाद में मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा, 282 टन खाने का सामान जब्त, अब तक इतनी FIR दर्ज

हैदराबाद में मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा, 282 टन खाने का सामान जब्त, अब तक इतनी FIR दर्ज

हैदराबाद में खाद्य मिलावट के खिलाफ H-FAST की कार्रवाई लगातार जारी है. मार्च से अब तक 660 से ज्यादा छापों में करीब 282 टन मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री जब्त की गई है और 204 FIR दर्ज हुई हैं.

H Fast Food Adulteration Action HyderabadH Fast Food Adulteration Action Hyderabad
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 20, 2026,
  • Updated Aug 20, 2026, 1:52 PM IST

हैदराबाद में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया है. मार्च 2026 में गठित हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम यानी H-FAST ने अब तक शहर में 660 से ज्यादा छापे मारे हैं. इस दौरान करीब 282 टन मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री जब्त की गई है, जबकि 204 FIR दर्ज की गई हैं. 4 अगस्त को 25 टन मसालों की खेप पकड़े जाने के बाद हैदराबाद पुलिस ने पहली बार BNS के तहत गैर इरादतन हत्या के प्रयास से जुड़ी कड़ी धारा लगाई है. पुलिस के मुताबिक, इन मसालों में खतरनाक केमिकल और सेहत के लिए नुकसानदेह पदार्थ पाए गए थे. H-FAST के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसे मामलों में अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत भी कार्रवाई शुरू की है. H-FAST की स्थापना मार्च में हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाने के लिए की गई थी. टीम ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम यानी GHMC के अधिकारियों के साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों में जांच कर रही है.

घी के कारोबार पर भी विशेष अभियान

हाल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 130 प्रतिष्ठानों की जांच की गई. इनमें 39 घी बनाने वाली यूनिट्स और 91 घी बेचने वाले प्रतिष्ठान शामिल थे. इस कार्रवाई में करीब 36 टन मिलावटी घी, कच्चा माल और रासायनिक पदार्थ जब्त किए गए. इसके अलावा 232 मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए GHMC के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सौंपा गया.

अदरक-लहसुन पेस्ट में खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल

जांच के दौरान अधिकारियों को अदरक-लहसुन पेस्ट तैयार करने में भी गंभीर गड़बड़ियां मिलीं. अधिकारियों के अनुसार, कुछ जगहों पर पेस्ट को सफेद और गाढ़ा दिखाने के लिए टाइटेनियम ऑक्साइड और एसिटिक एसिड जैसे केम‍िकल्‍स का इस्तेमाल किया जा रहा था. कई केंद्रों पर बिना छीले और सड़े हुए अदरक-लहसुन से पेस्ट तैयार किया जा रहा था. 32 केंद्रों पर कार्रवाई के दौरान 27,024 किलोग्राम मिलावटी पेस्ट जब्त किया गया.

अभियान के दौरान 12 टन से अधिक सड़ा हुआ चिकन और मटन जब्त किया गया. इसके अलावा करीब 120 टन चिकन वेस्ट और पशु उप-उत्पाद भी बरामद किए गए. अधिकारियों ने कई जगहों पर खाद्य सामग्री तैयार करने की बेहद खराब स्वच्छता व्यवस्था भी पाई.

गंदे शौचालयों के पास तैयार हो रहा था खाना

निरीक्षण के दौरान कुछ यूनिट्स में भोजन बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था. अधिकारियों के अनुसार, कुछ जगहों पर गंदे शौचालयों के पास ही खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, जहां मक्खियां और कॉकरोच भी पाए गए.

16 केंद्रों पर हुई कार्रवाई में फलों को खतरनाक केमिकल्‍स की मदद से कृत्रिम रूप से पकाने के मामले सामने आए. इन छापों में 25.8 टन फल जब्त किए गए. इसके साथ 9.2 टन मिलावटी अचार और 3.8 टन मिलावटी चाय पाउडर भी बरामद हुआ.

बिना दूध के तैयार किया जा रहा था नकली पनीर

अधिकारियों ने कुछ जगहों पर सिंथेटिक पनीर तैयार किए जाने का भी खुलासा किया. इसमें दूध की जगह यूरिया, डिटर्जेंट, पाम ऑयल और अन्य हानिकारक केमिकल्‍स के इस्तेमाल की बात सामने आई. अभियान के दौरान पनीर, खोया (मावा), दूध और दही समेत कुल 8,044 किलोग्राम मिलावटी डेयरी उत्पाद जब्त किए गए.

RO पानी से लेकर बिस्किट यूनिट्स तक की जांच

H-FAST ने घटिया मानकों पर चल रहे RO पानी संयंत्रों के खिलाफ भी कार्रवाई की. इनसे संबंधित करीब 23.7 टन सामग्री जब्त की गई. इसके अलावा आइसक्रीम, समोसा और बिस्किट बनाने वाली इकाइयों में भी निरीक्षण और कार्रवाई की गई.

हैदराबाद पुलिस ने लोगों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि खाद्य मिलावट के खिलाफ कार्रवाई में आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है. पुलिस ने मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!