
बिहार के बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. बांका-बेलहर मुख्य मार्ग पर रामसरैया स्थित भुतहा नहर पुल के पास करीब दो दिन पहले देर रात गेहूं से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी नहर में जा गिरा. हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन सुबह घटनास्थल पर जुटी भीड़ का एक अलग ही नजारा देखने को मिला. वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण बाल्टी और कटोरा लेकर ट्रक से बाहर निकले गेहूं को ले जाते हुए नजर आए.
बताया जा रहा है कि ट्रक मुंगेर से एफसीआई का गेहूं लेकर बाराहाट की ओर जा रहा था. रामसरैया स्थित भुतहा नहर पुल के पीछे बने संकीर्ण और खतरनाक मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद ट्रक पुल की रेलिंग से टकराया और रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 से 30 फीट गहरी नहर में जा गिरा. हादसे के बाद ड्राईवर को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई. दुर्घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, लोग नहर में गिरे ट्रक और उसमें लदे गेहूं को देखने के लिए जुटने लगे.
इसी दौरान बनाए गए एक वीडियो में कुछ ग्रामीण ट्रक से बाहर निकले गेहूं को बाल्टी और कटोरा जैसे बर्तनों में भरकर ले जाते हुए दिखाई दे दिए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की ओर से गेहूं ले जाने की पूरी स्थिति और गेहूं की मात्रा को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
ट्रक की देखरेख कर रहे लाल बहादुर शास्त्री ने बताया कि ट्रक मुंगेर से एफसीआई का गेहूं लेकर बाराहाट जा रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार भुतहा नहर पुल के पास बना मोड़ बेहद संकीर्ण और खतरनाक है. यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई थी. लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुराने और संकीर्ण पुल को हटाकर सिंचाई नहर पर नया, मजबूत और चौड़ा पुल बनाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पुल और मोड़ का चौड़ीकरण होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी और भविष्य में हादसों पर काफी हद तक रोक लग सकेगी. (दीपक कुमार की रिपोर्ट)