कर्जमाफी की मांग... बैल पर सवार होकर तहसील कार्यालय में घुसा किसान, अनोखा प्रदर्शन बना चर्चा का विषय

कर्जमाफी की मांग... बैल पर सवार होकर तहसील कार्यालय में घुसा किसान, अनोखा प्रदर्शन बना चर्चा का विषय

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में कर्जमाफी की मांग को लेकर राजुरा तहसील के गोयेगाव निवासी किसान दिवाकर हिरामन पहनपाटे बैल पर सवार होकर तहसील कार्यालय पहुंच गए. किसान ने नारेबाजी कर प्रशासन का ध्यान खींचा. इस अनोखे आंदोलन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और किसानों की आर्थिक परेशानी व कर्जमाफी का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है.

Chandrapur Farmer Riding BullChandrapur Farmer Riding Bull
क‍िसान तक
  • Chandrapur,
  • Jun 24, 2026,
  • Updated Jun 24, 2026, 11:25 AM IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में बिना शर्त पूरी कर्जमाफी की मांग को लेकर एक किसान ने अनोखे अंदाज में आंदोलन कर प्रशासन और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. कर्ज से परेशान किसान बैल पर सवार होकर सीधे राजुरा तहसील कार्यालय पहुंच गया और वहां जोरदार नारेबाजी करते हुए कर्जमाफी की मांग उठाई. जानकारी के अनुसार, आंदोलन करने वाले किसान का नाम दिवाकर हिरामन पहनपाटे है, जो राजुरा तहसील के गोयेगाव गांव का निवासी है. किसान ने तहसील कार्यालय पहुंचकर अपनी आर्थिक परेशानी और खेती से जुड़े संकट को प्रशासन के सामने प्रतीकात्मक तरीके से रखने का प्रयास किया.

बैल को बनाया किसानों की पीड़ा का प्रतीक

आमतौर पर किसान अपनी मांगों को लेकर धरना, प्रदर्शन, मोर्चा या ज्ञापन का रास्ता अपनाते हैं, लेकिन इस किसान ने ग्रामीण जीवन और खेती की पहचान माने जाने वाले बैल को अपने आंदोलन का माध्यम बनाया. किसान का कहना है कि बढ़ते कर्ज और खेती की कठिन परिस्थितियों ने किसानों की स्थिति को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया है.

तहसील परिसर में जुटी लोगों की भीड़

बैल पर सवार होकर किसान के तहसील कार्यालय पहुंचने से कुछ समय के लिए परिसर में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया. किसान ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नारे लगाए और कर्जमाफी की मांग दोहराई.

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है. घटना के बाद किसानों की आर्थिक चुनौतियों और लंबे समय से उठ रही कर्जमाफी की मांग एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है.

किसान संगठनों ने भी उठाई राहत की मांग

घटना के बाद विभिन्न किसान संगठनों ने सरकार से संकटग्रस्त किसानों को राहत देने और बिना शर्त कर्जमाफी करने की मांग उठाई है. किसानों का कहना है कि एक तरफ मॉनसून से अपेक्षित राहत नहीं मिली है और दूसरी तरफ बढ़ता कर्ज किसानों की चिंता बढ़ा रहा है. 

बता दें कि महाराष्‍ट्र कैबिनेट हाल ही में कर्जमाफी को मंजूरी दे चुका है, लेकिन इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आने के बाद यह कहा जा रहा है कि महायुति सरकार ने कर्जमाफी में कई शर्तें लगाई हैं, जिससे किसानों को सही से कर्जमाफी योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा. इसी को लेकर विपक्षी दल भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं और बिना किसी शर्त के कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं. (विकास राजुरकर की रिपोर्ट)

MORE NEWS

Read more!