सूखा और बाढ़ से जूझ रहे किसानों को हरसंभव मदद देगी सरकार, महाराष्‍ट्र की स्थित‍ि पर शिवराज ने दिया बयान

सूखा और बाढ़ से जूझ रहे किसानों को हरसंभव मदद देगी सरकार, महाराष्‍ट्र की स्थित‍ि पर शिवराज ने दिया बयान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सूखा और बाढ़ से प्रभावित किसानों को केंद्र सरकार हरसंभव मदद देगी. महाराष्ट्र के 74 फीसदी हिस्से में सूखे की घोषणा के बीच उन्होंने बताया कि प्रभावित जिलों के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार हैं.

Shivraj Singh ChouhanShivraj Singh Chouhan
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 27, 2026,
  • Updated Sep 27, 2026, 3:18 PM IST

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में सूखा और बाढ़ जैसी स्थितियों से प्रभावित किसानों को केंद्र सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन का असर अब अलग-अलग राज्यों में देखने को मिल रहा है और इससे निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय जरूरी है. नागपुर में शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को लेकर कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के लगातार संपर्क में है. महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 74 फीसदी हिस्से को सूखाग्रस्त घोषित किया है. कृषि मंत्री ने कहा कि प्रभावित जिलों के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार हैं और किसानों को स्थिति के अनुसार जरूरी सलाह दी जा रही है.

कम बारिश वाले इलाकों के लिए तैयार प्लान

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद यानी आईसीएआर और कृषि से जुड़े अन्य संस्थानों ने कम बारिश वाले क्षेत्रों के लिए जिला स्तर पर आकस्मिक योजनाएं तैयार की हैं. इन योजनाओं में यह बताया गया है कि बारिश कम होने की स्थिति में किसान कौन सी फसलें कम समय में उगा सकते हैं और किन फसलों में पानी की जरूरत कम होती है.

कृषि मंत्री के मुताबिक इन आकस्मिक योजनाओं को राज्य सरकारों के साथ साझा किया गया है. संबंधित जिलों को भी योजनाओं की जानकारी दी गई है, ताकि बारिश की कमी की स्थिति में किसानों को फसल चयन और खेती के तरीके को लेकर समय पर मार्गदर्शन मिल सके.

फसल खराब होने पर अगली फसल का विकल्प

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार ने केवल मौजूदा फसल को बचाने की तैयारी नहीं की है, बल्कि फसल खराब होने की स्थिति में अगली फसल के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. इसके लिए बीज बैंक तैयार किए गए हैं और जरूरत के अनुसार किसानों को वैकल्पिक बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.

किसानों को हरसंभव सहायता का भरोसा

महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति पर केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय राज्य सरकार के साथ लगातार संपर्क में है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता देंगे. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश के कुछ राज्य जहां सूखे से जूझ रहे हैं, वहीं कई अन्य राज्यों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों को भी चिंता न करने का भरोसा दिया. कृषि मंत्री ने कहा कि स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन सरकार मिलकर इससे बाहर निकलने के लिए काम कर रही है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!