IFFCO-MC क्रॉप साइंस की कमान संभालेंगे दिलीप संघानी, खेती और फसल सुरक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा

IFFCO-MC क्रॉप साइंस की कमान संभालेंगे दिलीप संघानी, खेती और फसल सुरक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा

दिलीप संघानी IFFCO-MC क्रॉप साइंस के नए चेयरमैन नियुक्त हुए हैं. कंपनी ने कहा कि दिलीप संघानी के नेतृत्व में कृषि और फसल सुरक्षा क्षेत्र में नई योजनाओं और विकास कार्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

दिलीप संघानीदिलीप संघानी
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 11, 2026,
  • Updated May 11, 2026, 4:50 PM IST

भारत की प्रमुख फसल सुरक्षा कंपनियों में शामिल IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी 47वीं बोर्ड बैठक में बड़ा फैसला लिया है. कंपनी ने घोषणा की कि दिलीप संघानी को सर्वसम्मति से IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड का नया चेयरमैन चुना गया है. यह फैसला 1 मई 2026 को हुई बोर्ड बैठक में लिया गया. कंपनी के अनुसार, इस नियुक्ति को IFFCO सदन में बोर्ड के वरिष्ठ सदस्यों और कंपनी के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक मंजूरी दी गई. कंपनी ने कहा कि दिलीप संघानी के नेतृत्व में कृषि और फसल सुरक्षा क्षेत्र में नई योजनाओं और विकास कार्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

किसानों के लिए आएंगे बेहतर समाधान

कंपनी का कहना है कि यह नियुक्ति IFFCO-MC की विकास यात्रा में एक बड़ा और अहम कदम है. इससे यह साफ होता है कि कंपनी लगातार बेहतर काम, नई तकनीक और किसानों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब भारतीय कृषि तेजी से बदल रही है. खेती में नई तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ रहा है, टिकाऊ खेती पर जोर दिया जा रहा है और फसलों की पैदावार बढ़ाने की जरूरत भी लगातार महसूस की जा रही है. ऐसे में कंपनी को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में किसानों के लिए और बेहतर समाधान और नई पहल सामने आएंगी.

सहकारिता और कृषि क्षेत्र का बड़ा चेहरा दिलीप संघानी

दिलीप संघानी  लंबे समय से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े एक बड़े और अनुभवी नेता माने जाते हैं. वह इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) के चेयरमैन भी हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से भारतीय सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं. वर्तमान में वह NAFED, NCUI और GUJCOMASOL जैसे कई बड़े राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सहकारी संगठनों में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं.

दिलीप संघानी 1991 से 2004 तक अमरेली लोकसभा सीट से चार बार सांसद रह चुके हैं. इसके अलावा वह अमरेली से विधायक भी रहे हैं. गुजरात सरकार में उन्होंने कृषि, सहकारिता और पशुपालन जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है. IFFCO में भी उनकी भूमिका काफी अहम रही है. खासकर किसानों से जुड़ी नीतियां बनाने और किसान हित में फैसले लेने में उनका बड़ा योगदान माना जाता है.

दिलीप संघानी कंपनी को है बड़ी उम्मीद

कंपनी को उम्मीद है कि दिलीप संघानी के अनुभव और बेहतर नेतृत्व से IFFCO-MC को और मजबूती मिलेगी. उनके मार्गदर्शन में कंपनी किसानों के लिए नई और आधुनिक फसल सुरक्षा तकनीक उपलब्ध कराने के साथ-साथ टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने पर ज्यादा ध्यान देगी.  कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में वह अपने नए और आधुनिक उत्पादों की संख्या बढ़ाएगी, किसानों तक ज्यादा पहुंच बनाएगी और खेती से जुड़ी जानकारी और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए किसानों की मदद करेगी. साथ ही IFFCO-MC किसानों की आय और खेती को बेहतर बनाने के लिए लंबे समय तक काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी.

IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड का कहना है कि कंपनी किसानों को अच्छी क्वालिटी वाले और असरदार फसल सुरक्षा उत्पाद उपलब्ध कराने के अपने लक्ष्य पर लगातार काम करती रहेगी. कंपनी का फोकस ऐसी खेती को बढ़ावा देने पर है, जिससे खेती लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे और फसलों की पैदावार बेहतर हो सके. IFFCO-MC किसानों की मदद करना चाहती है ताकि उन्हें ज्यादा उत्पादन मिले और खेती से बेहतर कमाई हो सके. कंपनी को उम्मीद है कि दिलीप संघानी के नेतृत्व में वह आने वाले समय में नए मुकाम हासिल करेगी और किसानों के लिए और बेहतर काम करेगी.

कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने दी बधाई

इस मौके पर कंपनी के निदेशक मंडल और वरिष्ठ अधिकारियों ने दिलीप संघानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी. इसमें कंपनी के उपाध्यक्ष हाजिमे किटो, निदेशक नाओहिरो योशिदा, योगेंद्र कुमार, एमडी और CEO मनोज वार्ष्णेय, संयुक्त CEO रोहित चोपड़ा और COO संतोष शुक्ला समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. सभी अधिकारियों ने कहा कि उन्हें दिलीप संघानी के नेतृत्व और अनुभव पर पूरा भरोसा है. उनका मानना है कि उनके मार्गदर्शन में IFFCO-MC विकास और नई तकनीकों के क्षेत्र में और तेजी से आगे बढ़ेगी. कंपनी की नेतृत्व टीम ने यह भी कहा कि वे मिलकर किसानों के लिए बेहतर और भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम करते रहेंगे. साथ ही भारतीय कृषि को मजबूत और टिकाऊ बनाने की दिशा में भी लगातार योगदान देंगे.

IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट के बार में

IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड की शुरुआत साल 2015 में हुई थी. यह दुनिया की सबसे बड़ी उर्वरक सहकारी संस्था IFFCO और जापान की मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन के बीच एक संयुक्त साझेदारी (Joint Venture) है. कंपनी का मुख्य उद्देश्य किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले फसल सुरक्षा उत्पाद सही कीमत पर उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी आय बढ़ सके. पिछले कुछ वर्षों में IFFCO-MC ने खेती के लिए कई तरह के उत्पाद तैयार किए हैं. इनमें खरपतवार खत्म करने वाली दवाएं, कीटनाशक , फफूंदनाशक, पौधों की बढ़वार बढ़ाने वाले उत्पाद और जैविक खेती से जुड़े नए समाधान शामिल हैं.

कंपनी का ‘सिंगल-टियर’ वितरण मॉडल भी खास माना जाता है. इसका फायदा यह होता है कि उत्पाद किसानों तक सीधे और सही कीमत पर पहुंचते हैं, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और किसानों को कम दाम में अच्छे उत्पाद मिल पाते हैं. IFFCO-MC खुद को ‘किसान-पहले’ सोच वाली कंपनी बताती है. इसी सोच के तहत कंपनी अपने उत्पाद खरीदने वाले किसानों को ‘किसान सुरक्षा बीमा योजना’ के जरिए मुफ्त दुर्घटना बीमा भी देती है. कंपनी का कहना है कि किसानों को मजबूत बनाना सिर्फ उसका कारोबार नहीं, बल्कि भारत की खेती और किसानों के भविष्य को बेहतर बनाने की एक बड़ी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता है.

MORE NEWS

Read more!