बिजनौर में पकड़ा गया खतरनाक गुलदार, किसानों और ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बिजनौर में पकड़ा गया खतरनाक गुलदार, किसानों और ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बिजनौर में कई दिनों से गांव के आसपास घूम रहे गुलदार को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया. गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था. उसके पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है.

गुलदार के आतंक से मिली राहतगुलदार के आतंक से मिली राहत
रितिक राजपूत
  • Bijnor,
  • Sep 06, 2026,
  • Updated Sep 06, 2026, 9:00 AM IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में गुलदार की लगातार बढ़ती गतिविधियों के बीच वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है. नहटौर क्षेत्र के सदरुद्दीन नगर गांव के पास लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया. गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार का सुरक्षित रेस्क्यू किया. गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद किसानों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. जानकारी के मुताबिक, पिछले कई दिनों से सदरुद्दीन नगर गांव और उसके आसपास के इलाके में गुलदार की मौजूदगी देखी जा रही थी. खेतों और गांव के नजदीक गुलदार दिखाई देने से किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ था. ग्रामीणों को लगातार इस बात की चिंता सता रही थी कि कहीं गुलदार किसी व्यक्ति या पालतू पशु को अपना शिकार न बना ले.

किसानों की शिकायत के बाद लगाया गया था पिंजरा

गुलदार की लगातार गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन की ओर से वन विभाग से शिकायत की गई थी. शिकायत के बाद वन विभाग ने करीब पांच दिन पहले गांव के पास गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था. इसके बाद वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही थी. बताया जा रहा है कि वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में आखिरकार गुलदार फंस गया. सुबह जब ग्रामीणों को पिंजरे में गुलदार के कैद होने की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते पिंजरे के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

गुलदार के कैद होते ही किसानों ने ली राहत की सांस

गांव के आसपास कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी के कारण लोगों में भय का माहौल था. खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों और देर शाम घर से बाहर निकलने वाले लोगों को गुलदार के हमले की आशंका बनी रहती थी. अब गुलदार के पकड़े जाने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है. किसानों का कहना है कि गांव के आसपास गुलदार की मौजूदगी से लोगों में लगातार डर बना हुआ था. पिंजरे में गुलदार के कैद होने से फिलहाल लोगों को बड़ी राहत मिली है.

वन विभाग ने किया गुलदार का रेस्क्यू

गुलदार के पिंजरे में कैद होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने सुरक्षा इंतजामों के बीच गुलदार का रेस्क्यू किया. मौके पर मौजूद लोगों को पिंजरे से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया. गुलदार को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. वन विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू की कार्रवाई पूरी की. यह पूरा मामला नहटौर क्षेत्र के सदरुद्दीन नगर गांव का है, जहां पिछले कुछ दिनों से गुलदार की आवाजाही ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनी हुई थी. अब गुलदार पकड़े जाने के बाद गांव में बनी दहशत कुछ कम हुई है.

MORE NEWS

Read more!