सरस डेयरी की पैकिंग में बिक रहा था नकली घी! अलवर में 100 किलो जब्त

सरस डेयरी की पैकिंग में बिक रहा था नकली घी! अलवर में 100 किलो जब्त

राजस्थान के अलवर में खाद्य विभाग ने एक दुकान पर छापा मारकर करीब 100 किलो संदिग्ध घी जब्त किया है. यह घी सरस डेयरी जैसी पैकिंग में 300 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा था. विभाग ने घी की क्वालिटी की जांच के लिए कार्रवाई की है.

नकली घीनकली घी
हिमांशु शर्मा
  • Alwar ,
  • Oct 28, 2026,
  • Updated Oct 28, 2026, 6:37 PM IST

राजस्थान के अलवर में खाद्य विभाग की टीम ने नकली घी बेचने के मामले में एक दुकान पर छापा मारकर करीब 100 किलो घी जब्त किया है. यह घी सरस डेयरी के असली घी जैसी पैकिंग में बेचा जा रहा था. पैकिंग पर जयपुर डेयरी का नाम, लाइसेंस नंबर और अन्य जानकारियां भी छपी हुई थीं. मामले की शिकायत मिलने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की.

जानकारी के मुताबिक, अलवर के केडलगंज इलाके में स्थित एक दुकान पर नकली घी करीब 300 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचा जा रहा था. दुकानदार ने अधिकारियों को बताया कि वह यह घी 280 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदता था और 300 रुपये में बेचता था. दुकानदार के अनुसार, आसपास के गांवों से दुकानदार, व्यापारी और अन्य लोग बड़ी मात्रा में घी खरीदने आते थे. शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया कि दुकानदार कथित तौर पर करीब दो साल से यह कारोबार कर रहा था.

असली सरस घी जैसी थी पैकिंग

खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त घी की पैकिंग देखने में सरस डेयरी के असली घी जैसी थी. पैकिंग पर जयपुर डेयरी का नाम, लाइसेंस नंबर और दूसरी जानकारियां भी छपी हुई थीं. इसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. बताया गया है कि खाद्य विभाग की टीम पहले भी इस दुकान की जांच कर चुकी थी, लेकिन उस समय नकली घी नहीं मिला था. हाल ही में मिली शिकायत में घी छिपाकर रखने और वहां तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी दी गई थी. इसके बाद टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की.

शिकायत मिलने के बाद हुई कार्रवाई

बताया गया है कि मुख्यमंत्री राजस्थान संपर्क पोर्टल पर बाजार में नकली घी बिकने की शिकायत मिली थी. इसके बाद खाद्य विभाग ने मामले की जांच की और दुकान पर कार्रवाई की. खाद्य विभाग के इंस्पेक्टर केशव गोयल के अनुसार, मौके से करीब 100 किलो घी जब्त किया गया है. अब घी की क्वालिटी की जांच कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट आने और मिलावट की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

300 रुपये किलो में बिक रहा था घी

सरस डेयरी के घी की कीमत जहां 570 रुपये प्रति किलो से अधिक बताई गई है, वहीं दुकान पर कथित नकली घी 300 रुपये प्रति किलो में बेचा जा रहा था. कीमत में इतना अंतर होने के कारण घी की क्वालिटी और पैकिंग को लेकर सवाल उठे हैं. फिलहाल, जब्त घी की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घी में किस तरह की मिलावट थी और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी. 

MORE NEWS

Read more!