नकली पनीर जब्तराजस्थान के डीग जिले में मिलावटी पनीर के खिलाफ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने दो डेयरियों पर छापा मारकर करीब 1,800 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट कर दिया. मौके से सोयाबीन तेल, पामोलीन ऑयल, एसएमपी पाउडर और मशीन क्लीनिंग पाउडर भी मिला है. पुलिस के मुताबिक, इन चीजों को मिलाकर नकली पनीर तैयार किया जा रहा था. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों डेयरियों को सील कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार, इन डेयरियों में तैयार पनीर हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और एनसीआर के कई शहरों में सप्लाई किया जाता था. इनमें गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा जैसे शहर शामिल हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि डीग जिले के जाजमका गांव में एक डेयरी में सोयाबीन से मिलावटी पनीर बनाया जा रहा है और उसे दूसरे राज्यों में भेजा जाता है, इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारा. वहां एक व्यक्ति ड्रम से पनीर निकालकर बड़े बर्तन में रखता मिला. पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग गए. टीम ने वहां मौजूद साहिल को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि वह डेयरी में मुनीम का काम करता है और यह प्लांट मकसूद नाम के व्यक्ति का है.
पुलिस के मुताबिक, यहां सोयाबीन, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर मिलाकर पनीर तैयार किया जाता था. टीम को मौके पर करीब 1,600 किलो पनीर के साथ सोयाबीन की भीगी दाल, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर भी मिला. खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेने के बाद पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया.
इसके बाद पुलिस ने मांची के जंगल क्षेत्र में धर्मशाला के पास चल रही एक अन्य डेयरी पर छापा मारा. यहां पुलिस ने अली उर्फ अलीजान नाम के व्यक्ति को पनीर तैयार करते हुए पकड़ा. पूछताछ में उसने बताया कि यह प्लांट अयूब और मुफीद नाम के लोगों का है. पुलिस के अनुसार, यहां भी सोयाबीन तेल, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर का इस्तेमाल करके मिलावटी पनीर बनाया जा रहा था. इस डेयरी से करीब 200 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया गया. इसके अलावा एक पिकअप वाहन में रखे एसएमपी पाउडर के 18 कट्टे, मशीन क्लीनिंग पाउडर के 3 कट्टे, पामोलीन ऑयल के 11 पीपे और सोयाबीन तेल के 2 पीपे भी जब्त किए गए.
पुलिस ने दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, डेयरी संचालकों और मौके से फरार हुए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए हैं. साथ ही दोनों डेयरियों को सील कर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने मिलावटी पनीर को लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बताया है. ऐसी मिलावटी चीजें खाने से लोग बीमार पड़ सकते हैं और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं.
इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों में मिलावट और उनकी सप्लाई पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि मिलावटी पनीर किन-किन जगहों पर सप्लाई किया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today