'किसानों के हक पर डाका डालने वालों को नहीं बख्शूंगा', कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने दी चेतावनी

'किसानों के हक पर डाका डालने वालों को नहीं बख्शूंगा', कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने दी चेतावनी

कृषि मंत्री  विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान सरकार 'जीरो टॉलरेंस” की नीति पर चल रही है. अपराध, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और गरीबों के अधिकारों की लूट को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

अंक‍ित कुमार स‍िंह
  • Patna,
  • May 29, 2026,
  • Updated May 29, 2026, 5:23 PM IST

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने साफ संदेश दिया है कि राज्य में भ्रष्टाचार, बिचौलिया तंत्र और अपराध के खिलाफ अब कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने कहा कि सुशासन ही बिहार की नई पहचान बनेगा और यही सुशासन किसानों की समृद्धि का आधार बनेगा. मंत्री ने जोर देकर कहा कि बिहार अब भय, भ्रष्टाचार और बिचौलियों की राजनीति से आगे निकल चुका है. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार जनता के विश्वास के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देगी.

जीरो टॉलरेंस नीति पर सरकार अडिग

कृषि मंत्री  विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान सरकार 'जीरो टॉलरेंस” की नीति पर चल रही है. अपराध, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और किसानों के अधिकारों की लूट को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पुराने व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पहले किसानों की मेहनत की कमाई बिचौलियों और भ्रष्ट तंत्र की भेंट चढ़ जाती थी. लेकिन आज डबल इंजन की सरकार में व्यवस्था बदल रही है. किसान, गरीब, मजदूर और युवाओं के हितों की रक्षा अब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

किसानों के हक पर कोई डाका नहीं

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में करीब 2 करोड़ 18 लाख से अधिक रजिस्टर्ड किसान हैं और 4 करोड़ से ज्यादा जमाबंदियां हैं. किसान राज्य की असली पूंजी हैं. उनकी मेहनत की हर बूंद को सम्मान मिलना चाहिए. मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति किसानों के हक पर डाका डालने की कोशिश करेगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों ना हो, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अन्नदाता का अपमान अब बिहार में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

डिजिटल पारदर्शिता से समाप्त होंगे बिचौलिए

कृषि मंत्री ने बताया कि विभाग में पारदर्शिता लाने के लिए खाद, बीज, कृषि यंत्र और सब्सिडी संबंधी सभी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाया जा रहा है. इससे बिचौलियों और भ्रष्ट तत्वों की भूमिका पूरी तरह खत्म हो जाएगी.  उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर किसानों से रिश्वत या अवैध वसूली की शिकायत आई तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ सिर्फ विभागीय कार्रवाई नहीं, बल्कि सीधे जेल भेजने तक की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

विकसित बिहार का सपना किसानों से जुड़ा

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार का किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. जब तक गांव मजबूत नहीं होंगे और किसान समृद्ध नहीं होंगे, तब तक विकसित बिहार का सपना अधूरा रहेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को अपनाते हुए कहा कि बिहार सरकार सुशासन को जन आंदोलन का रूप दे रही है. सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए. कृषि मंत्री ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि बिहार अव्यवस्था का पर्याय नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और आत्मविश्वास का नया प्रतीक बनेगा. जनता ही लोकतंत्र की असली मालिक है और जनता के विश्वास की रक्षा के लिए सरकार हर स्तर पर संघर्ष करेगी.

MORE NEWS

Read more!