UP के दुधवा रिजर्व में हड़कंप! एक जहरीले कीटनाशक ने उजाड़ दी गिद्धों की दुनिया

UP के दुधवा रिजर्व में हड़कंप! एक जहरीले कीटनाशक ने उजाड़ दी गिद्धों की दुनिया

उत्तर प्रदेश के दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में 25 गिद्धों की मौत के पीछे जहरीला कीटनाशक “कार्बोफ्यूरान” जिम्मेदार पाया गया है. IVRI की जांच रिपोर्ट में गिद्धों, कुत्तों और मौके से मिले चावल के नमूनों में यह खतरनाक रसायन भारी मात्रा में मिला. घटना ने वन्यजीव सुरक्षा और जहरीले कीटनाशकों के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

जहरीले कीटनाशक ने ली 25 गिद्धों की जानजहरीले कीटनाशक ने ली 25 गिद्धों की जान
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 17, 2026,
  • Updated May 17, 2026, 4:46 PM IST

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में 25 गिद्धों की मौत का मामला अब साफ हो गया है. जांच में पता चला है कि इन गिद्धों की मौत बेहद जहरीले कीटनाशक “कार्बोफ्यूरान” की वजह से हुई. यह जानकारी भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली की लैब रिपोर्ट में सामने आई है.

यह घटना 7 अप्रैल को सामने आई थी, जब दुधवा रिजर्व के भीरा रेंज के सेमरई गांव के पास खेतों में कई गिद्धों और कुछ कुत्तों के शव मिले थे. इस घटना के बाद वन विभाग और वैज्ञानिकों में हड़कंप मच गया था.

जांच में क्या मिला

IVRI के वैज्ञानिकों ने मृत गिद्धों और कुत्तों के शरीर के नमूनों की जांच की. इसके साथ ही घटनास्थल से मिले चावल के नमूनों की भी जांच की गई. रिपोर्ट में पाया गया कि सभी नमूनों में “कार्बोफ्यूरान” नामक कीटनाशक बहुत अधिक मात्रा में मौजूद था.

यह कीटनाशक “फ्यूराडान” नाम से भी जाना जाता है और इसे बेहद खतरनाक माना जाता है. वैज्ञानिकों का कहना है कि इसकी थोड़ी मात्रा भी जानलेवा हो सकती है.

पहले से था जहर का शक

दुधवा बफर जोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने बताया कि शुरुआत में ही उन्हें शक था कि गिद्धों की मौत जहर फैलने के कारण हुई है. अब लैब रिपोर्ट ने इस बात की पुष्टि कर दी है.

वन विभाग के पशु चिकित्सक डॉ. दया शंकर ने बताया कि जांच में किसी बीमारी के लक्षण नहीं मिले. यानी गिद्धों और कुत्तों की मौत किसी वायरस या संक्रमण से नहीं हुई, बल्कि जहरीले कीटनाशक की वजह से हुई.

क्यों चिंता की बात है यह मामला

मरे हुए गिद्ध हिमालयन ग्रिफॉन प्रजाति के थे, जो वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित पक्षी माने जाते हैं. गिद्धों की संख्या पहले ही तेजी से कम हो रही है, ऐसे में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मौत होना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है.

गिद्ध पर्यावरण के लिए बहुत जरूरी होते हैं क्योंकि वे मृत जानवरों को खाकर वातावरण को साफ रखने में मदद करते हैं. उनकी कमी से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है.

जांच में जुटा वन विभाग

घटना के बाद वन विभाग की एक उच्च स्तरीय टीम ने इलाके का दौरा किया. अधिकारियों ने गांव वालों से बातचीत की और कीटनाशक बेचने वालों से भी पूछताछ की. शुरुआती जांच में ही जहरीले कीटनाशक के इस्तेमाल की आशंका जताई गई थी.

अब रिपोर्ट आने के बाद वन विभाग आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. इस घटना ने एक बार फिर खतरनाक कीटनाशकों के इस्तेमाल और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: 

हिमाचल सरकार का बड़ा मिशन, ‘हिम परिवार रजिस्टर’ से जुड़ रहे हजारों किसान
किसानों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, Amazon-Flipkart समेत कई कंपनियों को नोटिस जारी

MORE NEWS

Read more!