उत्‍पादन ज्‍यादा, भाव कम... बंगाल में आलू रखने वाले कोल्‍ड स्‍टोरेज लगभग फुल, मंत्री ने कही ये बात

उत्‍पादन ज्‍यादा, भाव कम... बंगाल में आलू रखने वाले कोल्‍ड स्‍टोरेज लगभग फुल, मंत्री ने कही ये बात

पश्चिम बंगाल में इस साल आलू उत्पादन 140 लाख टन के पार पहुंच गया है, जो पिछले पांच साल का रिकॉर्ड स्तर बताया जा रहा है. बढ़े उत्पादन के चलते कोल्ड स्टोरेज में 74 लाख टन आलू रखा गया है और राज्य के अधिकांश स्टोरेज लगभग पूरी तरह भर चुके हैं.

Potato Price and Storage ProblemPotato Price and Storage Problem
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 16, 2026,
  • Updated May 16, 2026, 12:03 PM IST

पश्चिम बंगाल में इस बार आलू का उत्पादन पिछले पांच साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है. राज्य में 2025-26 सीजन के दौरान आलू उत्पादन 140 लाख टन के पार निकल गया, जिसके बाद कोल्ड स्टोरेज में भंडारण भी तेजी से बढ़ा है. पश्चिम बंगाल कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य पतित पावन डे ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने और खेती का रकबा थोड़ा बढ़ने से किसानों को इस बार बेहतर पैदावार मिली है. रिकॉर्ड उत्पादन का असर सीधे कोल्ड स्टोरेज पर दिखाई दे रहा है. इस साल करीब 74 लाख टन आलू कोल्ड स्टोरेज में रखा गया है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा करीब 65 लाख टन था.

किसानों ने खुद किया ज्यादा भंडारण

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, पतित पावन डे ने कहा कि राज्य के 95 प्रतिशत से ज्यादा कोल्ड स्टोरेज लगभग पूरी तरह भर चुके हैं. उन्‍होंने कहा कि इस बार किसानों ने खुद बड़ी मात्रा में आलू को कोल्ड स्टोरेज में रखा है. कारोबारियों ने पिछले साल भारी नुकसान झेलने के बाद इस बार स्टॉक रखने में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई. पिछले सीजन में आलू की कीमतों में भारी गिरावट के कारण किसानों और व्यापारियों दोनों को नुकसान उठाना पड़ा था.

पिछले साल दाम टूटने से बढ़ी परेशानी

बीते साल पश्चिम बंगाल में आलू के थोक दाम तेजी से गिर गए थे. बड़ी मात्रा में आलू कोल्ड स्टोरेज में फंसा रह गया था और किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ी थी. दूसरे राज्यों में सप्लाई कमजोर पड़ने से भी बाजार प्रभावित हुआ था. उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि ओडिशा, झारखंड और बिहार जैसे प्रमुख बाजारों में उत्तर प्रदेश ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. वहीं, पश्चिम बंगाल में पिछले साल अंतरराज्यीय व्यापार पर लगी रोक का फायदा यूपी को मिला और उसने इन बाजारों में तेजी से सप्लाई बढ़ाई है.

बीजेपी सरकार ने हटाई अंतरराज्‍यीय बिक्री से पाबंदी

अब राज्य में नई बीजेपी सरकार बनने के बाद आलू, प्याज, फल, सब्जियां और अन्य जरूरी कृषि उत्पादों की अंतरराज्यीय आवाजाही पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं. मंत्री दिलीप घोष मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “इस बार आलू का उत्पादन ज्‍यादा हुआ है, जिसके चलते कीमतें गिर गई हैं. ममता बनर्जी सरकार ने बंगाल से बाहर आलू बेचने पर रोक लगा दी थी. हमारे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि आलू हर जगह बेचा जाएगा. किसानों को उनकी कीमतें मिलनी चाहिए. इस बारे में बातचीत चल रही है.”

MORE NEWS

Read more!