
शामली में जमीन विवाद से जुड़ी शिकायत लेकर तहसील दिवस पहुंचे एक किसान परिवार के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है. परिवार का आरोप है कि तहसील दिवस में अपनी शिकायत रखने के दौरान किसान को डीएम आलोक यादव ने सबके सामने फटकार लगाई और यह भी कहा कि ज्यादा समस्या बताने पर जेल भेज दिया जाएगा. राजस्व विभाग की कार्रवाई और अधिकारियों के रवैये से परेशान युवक आदित्य ने पुलिस और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली. आग लगने के बाद युवक पानी से भरे खेत में कूद गया. परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया.
युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है. परिजनों ने बताया कि आदित्य करीब 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसका इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है. घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें युवक आग की लपटों में दिखाई दे रहा है. वीडियो में मौके पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी भी नजर आ रहे हैं.
मामला शामली जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर गोहरनी गांव का है. परिवार के मुताबिक, 16 बीघा जमीन को लेकर वर्ष 2010 से विवाद चल रहा है. वर्ष 2013 में इस मामले में फैसला भी हुआ था. इसके बाद जमीन पर कब्जे को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हुई.
परिजनों का कहना है कि 30 जून 2026 को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश की थी. हालांकि, मौके पर बनी अस्थायी चारदीवारी के कारण कब्जा नहीं दिलाया जा सका. इसके बाद तहसीलदार, कानूनगो अमरीश शर्मा और पुलिसकर्मियों की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची.
आदित्य के मामा देशपाल सिंह ने आरोप लगाया कि परिवार से 10 लाख रुपये की मांग की गई थी. उनका दावा है कि रकम नहीं देने पर जमीन की पैमाइश उनके खिलाफ करने और बाउंड्री वॉल गिराने की बात कही गई.
परिजनों का यह भी कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई का आदेश दिखाने को कहा था. परिवार ने कहा कि जमीन से जुड़ा मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है और अगली तारीख भी लगी हुई है. इसके बावजूद कार्रवाई की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया. परिजनों के अनुसार, इसी विवाद के बीच आदित्य ने अचानक अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया और खुद को आग लगा ली.
शामली के एसडीएम सदर सचिन राजपूत ने बताया कि जमीन की पैमाइश को लेकर राजस्व टीम भेजी गई थी. इसी मामले को लेकर एक किसान ने खुद को आग लगा ली, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है. (शरद मलिक की रिपोर्ट)