
मार्च में होली का त्योहार आने वाला है और रंगों के इस त्यौहार को मनाने के लिए देश के अलग-अलग हिस्से में रहने वाले लोग अपने घरों को लौटते हैं. इस दौरान विशेष रूप से यूपी बिहार की तरफ आने-जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ होती है. होली के दौरान ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे हर साल होली स्पेशल ट्रेनें चलाता है. इस साल भी होली के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है और इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनें चलाएगा.
रेलवे के अनुसार, 1,410 से ज्यादा होली स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने का प्लान बनाया गया है, जो बढ़कर 1,500 तक भी पहुंच सकती है. इन विशेष सेवाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करना और प्रमुख गंतव्यों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है.
पिछले साल यानी 2025 में होली के लिए कुल 1,144 विशेष ट्रेनों के ट्रिप चलाई गई थी. विभिन्न जोन के आधार पर, पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) सबसे ज्यादा 285 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. इसके बाद पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) द्वारा पश्चिमी मार्गों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 231 ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है.
वहीं, मध्य रेलवे (सीआर) द्वारा 209 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) कुल 160 ट्रेनें चलाएगा. इसके अतिरिक्त, उत्तर रेलवे (एनआर) द्वारा 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) द्वारा 71 होली स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना तैयार की गई है.
कनेक्टिविटी को और जयादा मजबूत करते हुए, उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) द्वारा 66 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) और पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) दोनों ही 62-62 ट्रेनें चलाएंगे.दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) द्वारा 47 ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जबकि पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) ने 43 सेवाओं की योजना बनाई है.
इसके अतिरिक्त, दक्षिण रेलवे (एसआर) द्वारा 39 होली स्पेशल ट्रेनें और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) द्वारा 15 सेवाएं संचालित की जाएंगी.क्षेत्रीय मांग को पूरा करने के लिए कोंकण रेलवे (केआर) द्वारा 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) द्वारा 2 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएंगी. वहीं, पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत चलेंगी 285 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलेंगी.
1. दानापुर-सोगरिया स्पेशल कटनी-प्रयागराज छिवकी-डीडीयू-बक्सर-आरा के रास्ते गाड़ी सं. 09821 सोगरिया-दानापुर स्पेशल 28. फरवरी और 7 मार्च शनिवार को सोगरिया (कोटा) से होली स्पेशल के रूप में 23.10 बजे खुलकर अगले दिन 20.00 बजे डीडीयू रुकते हुए 23.45 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वापसी में, गाड़ी सं. 09822 दानापुर-सोगरिया स्पेशल 2 मार्च और 9 मार्च सोमवार को दानापुर से होली स्पेशल के रूप में 01.15 बजे खुलकर 05.15 बजे डीडीयू रुकते हुए अगले दिन 01.10 बजे सोगरिया पहुंचेगी.
2. इटारसी-जबलपुर- प्रयागराज छिवकी-डीडीयू-आरा के रास्ते गाड़ी सं. 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 27 फरवरी 2 मार्च को रानी कमलापति से होली स्पेशल के रूप में 14.25 बजे खुलकर अगले दिन 05.40 बजे डीडीयू रुकते हुए 08.45 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वापसी में, गाड़ी सं. 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 28.02.2026 एवं 03.03.2026 को दानापुर से होली स्पेशल के रूप में 11.15 बजे खुलकर 17.00 बजे डीडीयू रूकते हुए अगले दिन 08.55 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी.
3. डीडीयू-दानापुर- पाटलिपुत्र-हाजीपुर-बरौनी-कटिहार के रास्ते गाड़ी सं. 01665 रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल 5 मार्च से हर गुरुवार को रानी कमलापति से होली स्पेशल के रूप में 15.20 बजे खुलकर दूसरे दिन 10.10 बजे पाटलिपुत्र रुकते हुए तीसरे दिन 18.55 बजे अगरतला पहुंचेगी.
वापसी में, गाड़ी सं. 01666 अगरतला-रानी कमलापति स्पेशल 8 मार्च से हर रविवार को अगरतला से होली स्पेशल के रूप में 17.20 बजे खुलकर दूसरे दिन 22.25 बजे पाटलिपुत्र रूकते हुए तीसरे दिन 16.35 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी.
4. वाराणसी-बलिया-छपरा-हाजीपुर -बरौनी-कटिहार के रास्ते गाड़ी सं. 09525 हापा-नाहरलगुन स्पेशल 4 मार्च से हर बुधवार को हापा से होली स्पेशल के रूप में 00.40 बजे खुलकर दूसरे दिन 17.00 बजे हाजीपुर रुकते हुए तीसरे दिन 16.00 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी.
वापसी में, गाड़ी सं. 09526 नाहरलगुन-हापा स्पेशल 07.03.2026 से प्रत्येक शनिवार को नाहरलगुन से होली स्पेशल के रूप में 09.40 बजे खुलकर दूसरे दिन 07.15 बजे हाजीपुर रुकते हुए चौथे दिन 00.30 बजे हापा पहुंचेगी.
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती बताया कि हर साल की तरह इस साल भी होली के मौके पर भारतीय रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. ताकि होली का त्यौहार मनाने वाले लोगों को घर पहुंचने और फिर होली के बाद वापस लौटने में दिक्कत ना हो. उन्होंने बताया कि यात्रीगण रेल परिचालन से जुड़ी किसी भी प्रकार की ताजा जानकारी रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 डायल कर अथवा नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एन.टी.ई.एस) वेब पोर्टल या मोबाइल ऐप से हासिल कर सकते हैं.