किसान आत्महत्या मामले में गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति की बढ़ी मुश्किलें, 4 के खिलाफ FIR दर्ज

किसान आत्महत्या मामले में गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति की बढ़ी मुश्किलें, 4 के खिलाफ FIR दर्ज

बरेली में जमीन विवाद के बाद किसान की मौत के मामले में पुलिस ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह (केपी सिंह), उनकी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. परिजनों ने आरोपियों पर धोखाधड़ी से जमीन हड़पने और किसान को धमकाने का आरोप लगाया है.

FIR against Gorakhpur University VCFIR against Gorakhpur University VC
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 23, 2026,
  • Updated Nov 23, 2026, 1:26 PM IST

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है. यहां 55 वर्षीय किसान भगवान सिंह की कथित आत्महत्या के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह (केपी सिंह) समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक, भगवान सिंह ने 20 नवंबर को पचपेड़ा गांव में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद उनकी मौत हो गई थी.

कुलपति, पत्नी समेत चार लोगों पर मुकदमा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के बेटे भगत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. FIR में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार के नाम शामिल हैं. इनके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आत्महत्या के लिए उकसाने, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

1995 में खरीदी थी कृषि भूमि

भगवान सिंह के बेटे भगत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता ने वर्ष 1995 में गांव में कृषि भूमि खरीदी थी. परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने राजस्व और चकबंदी विभाग के अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर जमीन से जुड़े आदेश अपने पक्ष में करवाए. शिकायत में फर्जी बिक्री विलेख (बैनामा) तैयार कराकर जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है.

झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप

परिवार ने आरोप लगाया कि भगवान सिंह को जमीन से बेदखल करने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं. इससे वह मानसिक रूप से परेशान थे. पुलिस के मुताबिक, किसान ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद अपने बयान में आरोपियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था. यह भी दावा किया गया है कि उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा था.

FIR के बाद परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

भगवान सिंह की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, विवादित जमीन वापस दिलाने और मुआवजे की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था. रविवार को एफआईआर दर्ज होने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ. इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया.

गांव में तनाव के बाद पुलिस और PAC तैनात

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी. इसे देखते हुए बहेड़ी, पचपेड़ा गांव और स्थानीय गुरुद्वारे में पुलिसकर्मियों के साथ प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) की तैनाती की गई. जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. SSP अनुराग आर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!