
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर के सामाजिक कार्यों की तारीफ की है. शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के गाने ‘खाकी का सितारा’ के लॉन्च कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या के मामलों से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए नाना पाटेकर के काम को याद किया. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने बिना किसी प्रचार और दिखावे के किसानों की मदद के लिए काम किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नाना पाटेकर सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं, बल्कि एक संवेदनशील इंसान भी हैं. उन्होंने बताया कि जब महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में किसान आत्महत्या कर रहे थे, तब किसानों और उनके परिवारों की मदद के लिए नाना पाटेकर आगे आए थे. योगी ने कहा कि उन्हें यह जानकर हैरानी हुई थी कि इतना बड़ा अभिनेता किसानों के लिए जमीन पर काम कर रहा है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, नाना पाटेकर ने इस काम को प्रचार का माध्यम नहीं बनाया और चुपचाप जरूरतमंद किसानों की मदद करते रहे.
बता दें कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में वर्ष 2026 में जनवरी से जून के दौरान किसानों की आत्महत्या के 465 मामले दर्ज किए गए हैं. संभागीय आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से जून के बीच सबसे अधिक 109 मामले छत्रपति संभाजीनगर जिले में दर्ज हुए, जबकि सबसे कम 26 मामले लातूर जिले से सामने आए. मराठवाड़ा में कुल आठ जिले शामिल हैं और प्रशासन ने इन मामलों की समीक्षा भी शुरू कर दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में मराठवाड़ा क्षेत्र में किसानों की आत्महत्या के कुल 1,131 मामले प्रशासन के रिकॉर्ड में दर्ज किए गए थे.
योगी आदित्यनाथ ने नाना पाटेकर के उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान में योगदान की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि नाना पाटेकर ने एक शॉर्ट फिल्म में अभिनय के जरिए लोगों को डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करने का काम किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता का पुलिस के जागरूकता अभियान से जुड़ना सराहनीय है. इससे साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलती है.
कार्यक्रम में गायक और संगीतकार शंकर महादेवन की भी मुख्यमंत्री ने जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि महादेवन की आवाज और प्रस्तुति ने ‘खाकी का सितारा’ गाने को एक अलग पहचान दी है. योगी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शंकर महादेवन का नाम ही शंकर है और अपने नाम के अनुरूप वह ‘डबल शंकर’ बन गए हैं-शंकर भी और महादेव भी. उन्होंने यह भी कहा कि गाने का लॉन्च सावन के महीने में हुआ है, इसलिए इसका महत्व और बढ़ जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पद्म पुरस्कार से सम्मानित शंकर महादेवन की प्रस्तुति पुलिस और अन्य वर्दीधारी बलों के जवानों के लिए प्रेरणा का काम कर सकती है.
‘खाकी का सितारा’ के लॉन्च कार्यक्रम में नाना पाटेकर और शंकर महादेवन के अलावा उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण और पुलिस व सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में किसानों के लिए नाना पाटेकर के सामाजिक काम, साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता और पुलिसकर्मियों के योगदान को एक साथ सामने रखा गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कलाकारों और प्रभावशाली लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है. (PTI)