MP के किसानों को अगले खेती सीजन से 10 घंटे मिलेगी बिजली, बलराम कृषि महोत्‍सव में CM का ऐलान

MP के किसानों को अगले खेती सीजन से 10 घंटे मिलेगी बिजली, बलराम कृषि महोत्‍सव में CM का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में घोषणा की कि अगले खेती सीजन से किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन के जरिए किसानों की सहायक आय बढ़ाने पर भी काम कर रही है.

farmers will get 10 hours electricityfarmers will get 10 hours electricity
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 10, 2026,
  • Updated Aug 10, 2026, 2:29 PM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. अगले खेती सीजन से किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. सीएम ने यह बात रविवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही. सरकार खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की सहायक आय बढ़ाने पर भी काम कर रही है.

सीएम ने कहा कि अफसरों को लाडली बहना योजना की अगली किस्त जल्द जारी करने, प्रदेश में करीब 80 हजार पदों पर भर्ती और हर शुक्रवार अधिकारियों को जनता के बीच जाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत 16 विभाग मिलकर किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम चला रहे हैं. सरकार का उद्देश्य खेती को अधिक लाभकारी बनाना और किसानों की आमदनी के नए स्रोत तैयार करना है.

खेती के साथ सहायक आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहती. पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन के जरिए किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सांची ब्रांड के माध्यम से प्रदेश में दूध उत्पादन की हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है.

गेहूं खरीद और सिंचाई सुविधाओं का किया जिक्र

सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है. उन्होंने बताया कि राज्य में सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और करीब 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा से जोड़ा जा चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि सोयाबीन किसानों को भावांतर योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ लगातार दिया जा रहा है.

कवच योजना से किसानों को राहत मिलने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कवच योजना के जरिए किसानों को दोबारा बैंक से फसल लोन लेने में सुविधा मिल रही है. इससे बड़ी संख्या में किसान फिर से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ पाए हैं और खेती के लिए जरूरी लोन पा रहे हैं. उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का ज्‍यादा से ज्‍यादा फायदा उठाने की अपील भी की.

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में करीब 80 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जिनमें लगभग 10 हजार पद शिक्षकों के हैं. उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में पुलिस भर्ती भी की जा रही है और पुलिस बैंड की व्यवस्था शुरू की जा रही है. 

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रत्येक शुक्रवार जनता के बीच जाकर जनविश्वास अभियान के तहत समस्याओं का समाधान करना होगा. इस दिन बैठकों का आयोजन नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, जबकि बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा.

CM ने त्योहारों की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और हलधर जयंती की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्राओं में भाग लेने की अपील की. साथ ही समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के साथ भी त्योहारों की खुशियां साझा करने का आग्रह किया.

MORE NEWS

Read more!