डायबिटीज और मोटापे से परेशान लोगों के लिए बेहतर विकल्प है काला नमक चावल, जानें फायदे

डायबिटीज और मोटापे से परेशान लोगों के लिए बेहतर विकल्प है काला नमक चावल, जानें फायदे

काला नमक चावल सिर्फ स्वाद और खुशबू के लिए ही नहीं, बल्कि अपने पोषक गुणों के कारण भी खास पहचान रखता है. उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर की यह पारंपरिक धान किस्म प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर मानी जाती है.

काला नमक चावल की खेतीकाला नमक चावल की खेती
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Jun 27, 2026,
  • Updated Jun 27, 2026, 1:58 PM IST

भारत में चावल की कई किस्में उगाई जाती हैं, लेकिन कुछ किस्में अपनी खास पहचान और पोषक गुणों के कारण दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं. इन्हीं में से एक है काला नमक चावल, जिसे अपनी खुशबू, स्वाद और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है. उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर क्षेत्र की यह पारंपरिक धान किस्म लंबे समय से किसानों और लोगों के बीच लोकप्रिय रही है. इसे कई जगहों पर भगवान बुद्ध के प्रसाद के रूप में भी जाना जाता है. काला नमक चावल केवल स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि अपने पोषण गुणों के कारण भी काफी फेमस है. ऐसे में आइए जानते हैं काला नमक चावल खाने के क्या हैं फायदे.

काला नमक चावल में होता है अधिक प्रोटीन

डॉ राम चेत चौधरी के मुताबिक, सामान्य चावल की तुलना में काला नमक चावल में प्रोटीन की मात्रा अधिक पाई जाती है, जहां आम चावल में लगभग 5-6 प्रतिशत प्रोटीन होता है, वहीं काला नमक चावल में यह मात्रा करीब 10-11 प्रतिशत तक बताई जाती है. यही कारण है कि इसे शरीर के लिए अधिक पौष्टिक चावल माना जाता है.

डायबिटीज और वजन नियंत्रित के लिए बेहतर विकल्प

काला नमक चावल में फाइबर की मात्रा भी अच्छी होती है, जिससे पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है, क्योंकि फाइबर लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है. इसी वजह से यह वजन नियंत्रित करने वाले लोगों के लिए भी एक अच्छा विकल्प है. इसके अलावा इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स सामान्य सफेद चावल की तुलना में कम माना जाता है, इसलिए सीमित मात्रा में इसका सेवन डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए भी काफी फायदेमंद हो सकता है.

खून बढ़ाने में मददगार है काला नमक चावल

काला नमक चावल में आयरन की मात्रा भी अच्छी होती है. आयरन शरीर में खून बनने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ऐसे में इस चावल को खाने से शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक माने जाते हैं. इस चावल की सबसे बड़ी खासियत इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण हैं.

आंखों और त्वचा के लिए भी फायदेमंद

काला नमक चावल में विटामिन और खनिज तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को स्वस्थ रखने और उम्र बढ़ने के प्रभावों को कम करने में मदद कर सकते हैं. वहीं, काला नमक चावल के पोषक तत्व आंखों की सेहत के लिए भी काफी उपयोगी माने जाते हैं.

किसानों के लिए भी बढ़ रही है मांग

इसमें पाए जाने वाले गुणों की वजह से बाजार में इसकी बढ़ती मांग के कारण किसान अब पारंपरिक धान किस्मों की ओर फिर से लौट रहे हैं. काला नमक चावल की पहचान देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बढ़ रही है. इसकी खास खुशबू और स्वास्थ्य लाभों के कारण इसकी कीमत सामान्य चावल से अधिक है, जिससे किसानों को बेहतर आमदनी का अवसर मिलता है. ऐसे में काला नमक चावल स्वाद, परंपरा और पोषण का अनोखा संगम है. यह सिर्फ एक धान की किस्म नहीं, बल्कि भारतीय कृषि विरासत का हिस्सा है, जो किसानों की आय बढ़ाने के साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य विकल्प भी दे रहा है.

MORE NEWS

Read more!