जुलाई में भारत का खाद्य तेल आयात 10 महीने की ऊंचाई पर, पाम ऑयल खरीद में 50% उछाल

जुलाई में भारत का खाद्य तेल आयात 10 महीने की ऊंचाई पर, पाम ऑयल खरीद में 50% उछाल

त्योहारों के मौसम से पहले रिफाइनरों द्वारा स्टॉक बढ़ाने के चलते जुलाई में भारत का खाद्य तेल आयात 34% बढ़कर 1.49 मिलियन टन पर पहुंच गया. पाम ऑयल आयात 50% और सोयाबीन तेल आयात 32% बढ़ा, जबकि नेपाल से ड्यूटी-फ्री रिफाइंड खाद्य तेल आयात में तेज वृद्धि को लेकर उद्योग ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है.

edible oil consumptionedible oil consumption
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Aug 04, 2026,
  • Updated Aug 04, 2026, 6:56 PM IST

जुलाई में भारत का खाने के तेल का आयात 10 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. रिफाइनरों ने त्योहारों के मौसम से पहले स्टॉक बढ़ाने के लिए पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की खरीद बढ़ाई, क्योंकि घरेलू सप्लाई कम हो रही थी.

भारत की इस पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की ज्यादा खरीद से इंडोनेशिया, मलेशिया और अर्जेंटीना जैसे बड़े उत्पादकों को अपना स्टॉक कम करने में मदद मिल सकती है. डीलरों के औसत अनुमानों के अनुसार, जुलाई में पाम ऑयल का आयात एक महीने पहले की तुलना में 50% बढ़कर 7,33,000 मीट्रिक टन हो गया, जो पांच महीनों में सबसे अधिक है.

सोयाबीन तेल में 32% का उछाल

जुलाई में सोयाबीन तेल का आयात महीने-दर-महीने 32% बढ़कर 5,01,000 टन हो गया, जो सात महीनों में सबसे अधिक है, जबकि सूरजमुखी तेल का आयात 4% बढ़कर 2,53,000 टन हो गया. अनुमानों के अनुसार, तीनों प्रमुख खाने के तेलों के ज्यादा आयात के कारण जुलाई में भारत का खाने के तेल का आयात जून के मुकाबले 34% बढ़कर 1.49 मिलियन टन के 10 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. डीलरों ने 'रॉयटर्स' से कहा कि इन आंकड़ों में पड़ोसी देश नेपाल से सड़क के रास्ते आने वाले ड्यूटी-फ्री शिपमेंट शामिल नहीं हैं.

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया अगस्त के मध्य तक जुलाई के आयात के आंकड़े जारी करने वाला है. वेजिटेबल ऑयल ब्रोकरेज कंपनी सनविन ग्रुप के चीफ एग्जीक्यूटिव, मुंबई के संदीप बजोरिया ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कम आयात के कारण स्टॉक कम हो गया है, लेकिन रिफाइनर अब त्योहारों के मौसम में मांग को पूरा करने के लिए स्टॉक फिर से बना रहे हैं. भारत अगस्त और नवंबर के बीच कई त्योहार मनाएगा, जब आमतौर पर खाने के तेल की मांग सबसे ज्यादा होती है.

अगस्त-सितंबर में अधिक होगा आयात

गुजरात के राजकोट शहर में ट्रेडर GGN रिसर्च के मैनेजिंग पार्टनर राजेश पटेल ने कहा कि अगस्त और सितंबर दोनों महीनों में सोयाबीन तेल का आयात 500,000 मीट्रिक टन से ज्यादा होने की संभावना है क्योंकि कीमतें बहुत टक्कर की चल रही हैं. पटेल ने कहा, "रेपसीड और सोयाबीन की कम घरेलू पेराई से आयात की मांग बढ़ रही है." भारत अपना ज्यादातर पाम ऑयल इंडोनेशिया और मलेशिया से मंगाता है, जबकि सोयाबीन और सूरजमुखी का तेल मुख्य रूप से अर्जेंटीना, ब्राज़ील, रूस और यूक्रेन से आयात किया जाता है.

इंडियन वेजिटेबल ऑयल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IVPA) ने अभी हाल में सरकार से मांग की कि वह साउथ एशियन फ्री ट्रेड एरिया (SAFTA) फ्रेमवर्क के तहत नेपाल से ड्यूटी-फ्री रिफाइंड खाने के तेल के इंपोर्ट में हुई बहुत बड़ी बढ़ोतरी के खिलाफ कदम उठाए. इस संस्था ने एक बयान में कहा कि दो साल में नेपाल से इंपोर्ट 17 गुना से ज्यादा बढ़ गया है - 2023 में यह 47,295 टन था जो 2025 में बढ़कर 804,000 टन से अधिक हो गया. साथ ही, यह मात्रा सालाना 1 मिलियन टन तक पहुंचने की राह पर है, जिससे नेपाल भारत को रिफाइंड खाने का तेल सप्लाई करने वाले सबसे बड़े देशों में से एक बन जाएगा.

IVPA ने कहा कि यह बढ़ोतरी भारत के खाने के तेल के व्यापार में एक बड़ा स्ट्रक्चरल बदलाव दिखाती है, जिसके लिए पॉलिसी के स्तर पर ध्यान देने की जरूरत है ताकि व्यापार, टैरिफ और घरेलू वैल्यू-एडिशन के लक्ष्यों में तालमेल बना रहे.

MORE NEWS

Read more!