क्या कभी सोचा है आपने, खाने के पैकेट पर इन 14 नंबरों का क्या होता है मतलब?

क्या कभी सोचा है आपने, खाने के पैकेट पर इन 14 नंबरों का क्या होता है मतलब?

खाने के पैकेट पर कीमत और एक्सपायरी डेट तो हम सभी देखते हैं, लेकिन क्या आपने कभी 14 अंकों वाले FSSAI नंबर पर ध्यान दिया है? यह सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि खाद्य कारोबार के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन से जुड़ी अहम जानकारी देता है. आइए जानते हैं.

ग्राहक के लिए क्यों जरूरी है FSSAI नंबरग्राहक के लिए क्यों जरूरी है FSSAI नंबर
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Sep 17, 2026,
  • Updated Sep 17, 2026, 4:25 PM IST

जब भी हम बाजार से खाने के पैकेट यानी पैकेज्ड फूड खरीदते हैं, तो पैकेट पर कीमत, एक्सपायरी डेट और दूसरी जानकारियां जरूर देखते हैं. लेकिन अक्सर हमारी नजर 14 अंकों वाले FSSAI नंबर पर नहीं जाती. ऐसे में क्या आपने कभी सोचा है कि खाने के पैकेट पर इन 14 नंबरों का क्या मतलब होता है. यह नंबर सिर्फ एक पहचान संख्या नहीं है, बल्कि इसके जरिए खाद्य कारोबार के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी मिलती है? आइए जानते हैं कि पैकेट पर लिखे इन 14 नंबरों का आखिर क्या मतलब होता है.

14 अंकों के नंबर में होती है ये जानकारी

पहला अंक बताता है लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन: FSSAI नंबर के पहले अंक से पता चलता है कि कंपनी या खाद्य कारोबार के पास लाइसेंस है या सिर्फ रजिस्ट्रेशन. अगर नंबर की शुरुआत 1 से होती है, तो इसका मतलब है कि कंपनी के पास लाइसेंस है. वहीं, 2 से शुरुआत होने पर उस कंपनी का रजिस्ट्रेशन है. यानी पैकेट पर लिखे FSSAI नंबर का पहला अंक देखकर ही खाने के पैकेट वाली कंपनी को मिली मंजूरी का अंदाजा लगाया जा सकता है.

दूसरे और तीसरे अंक का ये है मतलब: FSSAI नंबर के दूसरे और तीसरे अंक से उस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का कोड पता चलता है, जहां खाद्य कारोबार का लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन दर्ज है. यानी इन दो अंकों से यह जानकारी मिलती है कि खाने वाली चीज का पैकेट किस राज्य या केंद्र शासित प्रदेश से जुड़ा हुआ है.

चौथे और पांचवें पर लाइसेंस जारी होने का साल: FSSAI नंबर में चौथे और पांचवें नंबर का भी खास महत्व होता है. इन दोनों नंबरों से पता चलता है कि खाद्य कारोबार का लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन किस साल जारी किया गया था. यानी 14 अंकों के इस नंबर में लाइसेंस जारी होने के साल की जानकारी भी शामिल रहती है. इससे ग्राहक को यह समझने में मदद मिलती है कि खाने वाले पैकेट का FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन किस वर्ष जारी हुआ था.

अगले तीन अंक पर होता है अथॉरिटी कोड: FSSAI नंबर में इसके बाद आने वाले तीन नंबर अथॉरिटी कोड के बारे में बताता है. यह कोड उस संबंधित प्राधिकरण की पहचान से जुड़ा होता है, जो खाद्य कारोबार के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन से संबंधित प्रक्रिया को संभालता है. यानी इन तीन अंकों से यह पता लगाने में मदद मिलती है कि लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया किस प्राधिकरण के तहत हुई है. इससे FSSAI नंबर में खाद्य कारोबार से जुड़ी मंजूरी की जानकारी और स्पष्ट हो जाती है.

आखिरी 6 अंक, यूनिक लाइसेंसधारी आईडी: FSSAI नंबर के आखिरी छह नंबर यूनिक लाइसेंसधारी आईडी होते हैं. ये नंबर संबंधित खाद्य कारोबारी या लाइसेंसधारी की अलग पहचान बताने के लिए दिए जाते हैं. आसान भाषा में बताएं तो इन छह नंबरों की मदद से उस खास खाद्य कारोबार या लाइसेंसधारी की पहचान की जाती है. इस तरह FSSAI के पूरे 14 अंकों के नंबर में अलग-अलग हिस्सों के जरिए खाद्य कारोबार से जुड़ी जानकारी दी जाती है.

ग्राहक के लिए क्यों जरूरी है FSSAI नंबर?

खाने का पैकेट खरीदते समय ग्राहकों को पैकेट पर FSSAI से जुड़ी जानकारी जरूर देखनी चाहिए. खासकर पैकेज्ड फूड खरीदते समय सिर्फ ब्रांड का नाम देखकर चीजों को  नहीं खरीदना चाहिए. FSSAI नंबर देखकर ग्राहकों को यह समझने में मदद मिलती है कि उत्पाद बनाने या बेचने वाली कंपनी FSSAI की लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के तहत दर्ज है या नहीं. इसके अलावा पैकेट पर FSSAI का लोगो और लाइसेंस नंबर कहां और कैसे दिया गया है, यह भी देखना चाहिए.

सामान खरीदते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

पैकेट पर FSSAI नंबर लिखा होना जरूरी है, लेकिन सिर्फ नंबर देखकर ही किसी खाने वाले पैकेट को अच्छा या सुरक्षित मान लेना सही नहीं है. खाने का पैकेट खरीदते समय ग्राहक को पैकेट पर दी गई दूसरी जरूरी जानकारियां भी जरूर देखनी चाहिए. इनमें बनने की तारीख, एक्सपायरी डेट, कौन सी चीजें हैं, बैच नंबर और शाकाहारी या मांसाहारी निशान शामिल हैं. अगर किसी चीज से एलर्जी है, तो पैकेट पर दी गई एलर्जी संबंधी जानकारी भी ध्यान से पढ़ें. इसलिए अगली बार जब आप कोई पैकेज्ड फूड खरीदें, तो 14 अंकों वाले FSSAI नंबर के साथ पैकेट पर दी गई बाकी जानकारी भी जरूर देखें. 

MORE NEWS

Read more!