
भारत इस साल मजबूत अल नीनो के असर से जूझ रहा है. खरीफ के बाद रबी सीजन की फसलों की पैदावार पर भी खतरा मंडरा रहा है. इस बीच, देश में देसी चने का उत्पादन घरेलू खपत से कम रहने की आशंका है. ऐसे में दाल मिलर्स सस्ते विकल्प के तौर पर पीली मटर का आयात बढ़ा सकते हैं. एजीपल्स एनालिटिका (AgPulse Analytica) के आंकड़ों के मुताबिक, भारत की अतिरिक्त पीली मटर आयात मांग 5 लाख टन तक पहुंच सकती है. इससे पहले से सीमित वैश्विक सप्लाई पर दबाव बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें मजबूत होने की संभावना है.
AgPulse Analytica के अनुमान के मुताबिक, फसल वर्ष 2026-27 में भारत में देसी चने का उत्पादन करीब 1.1 करोड़ टन रह सकता है, जबकि इसकी घरेलू खपत 1.2 करोड़ टन से अधिक रहने की संभावना है. ट्रेड विशेषज्ञ गौरव कोचर के मुताबिक, उत्पादन और खपत के बीच करीब 10 लाख टन का यह संभावित अंतर बाजार में चने की उपलब्धता पर दबाव बढ़ा सकता है.
इस संभावित कमी को पूरा करने के लिए दाल उद्योग दूसरे विकल्पों की ओर देख सकता है. पीली मटर अपेक्षाकृत सस्ती होने के कारण दाल मिलर्स और प्रोसेसर्स के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है. गौरव कोचर के मुताबिक, इसी वजह से भारत की पीली मटर आयात मांग में अतिरिक्त 5 लाख टन की बढ़ोतरी संभव है.
AgPulse Analytica के आंकड़ों के मुताबिक, वैश्विक बाजार में पीली मटर की स्थिति पहले से ही काफी संतुलित है. दुनिया में निर्यात के लिए करीब 74.51 लाख टन पीली मटर उपलब्ध है, जबकि आयात की कुल मांग 74.42 लाख टन रहने का अनुमान है.
इस हिसाब से वैश्विक बाजार में केवल 9 हजार टन का अतिरिक्त सरप्लस बचता है. अगर भारत की ओर से 5 लाख टन अतिरिक्त मांग आती है और दूसरे देशों में सप्लाई नहीं बढ़ती है, तो वैश्विक बाजार में करीब 4.91 लाख टन की कमी पैदा हो सकती है.
गौरव कोचर कहते हैं, “भारत की बढ़ती मांग का सबसे अधिक फायदा कनाडा को मिलने की संभावना है. कनाडा के पास पीली मटर का पर्याप्त कैरीओवर स्टॉक और निर्यात करने की क्षमता है. ऐसे में भारतीय आयातकों की खरीदारी बढ़ने से कनाडाई बाजार में उपलब्ध स्टॉक पर दबाव बढ़ सकता है.”
इसका असर कनाडा से होने वाले निर्यात के FOB भाव पर भी पड़ सकता है.भारत की अतिरिक्त खरीदारी वैश्विक बाजार में उपलब्धता को प्रभावित कर सकती है. इससे कनाडा के निर्यातकों की कीमत तय करने की स्थिति मजबूत हो सकती है.
वैश्विक पीली मटर बाजार में भारत की बढ़ती मांग का असर दूसरे आयातक देशों पर भी देखने को मिल सकता है. चीन का पीली मटर आयात करीब 25 लाख टन रहने का अनुमान है. ऐसे में चीन अपनी जरूरतों के लिए रूस से रेल और पूर्वी व्यापारिक मार्गों के जरिये खरीदारी बढ़ा सकता है.
वहीं, पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने पर पीली मटर के आयात के लिए अधिक लागत चुकानी पड़ सकती है. यूक्रेन को भी वैश्विक कीमतों में मजबूती का फायदा मिल सकता है, हालांकि ब्लैक सी क्षेत्र में शिपिंग से जुड़ी पाबंदियां उसके निर्यात को सीमित कर सकती हैं.
गौरव कोचर ने AgPulse Analytica के आंकड़ों के आधार पर बताया कि वैश्विक पीली मटर बाजार में भारत की खरीदारी की गति सबसे अहम कारक बन सकती है. फिलहाल वैश्विक निर्यात उपलब्धता और आयात मांग के बीच अंतर बेहद कम है. ऐसे में भारत की ओर से अतिरिक्त 5 लाख टन की मांग बाजार के मौजूदा संतुलन को बदल सकती है.
आने वाले समय में भारत की वास्तविक आयात जरूरत, कनाडा की निर्यात उपलब्धता और चीन की खरीदारी पर वैश्विक बाजार की दिशा निर्भर करेगी. अगर भारत की अतिरिक्त मांग अनुमान के मुताबिक बढ़ती है तो पीली मटर की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में मजबूती देखने को मिल सकती है.