अब पनीर रहेगा 10 दिनों तक ताजा! ICAR ने विकसित की ये नई तकनीक

अब पनीर रहेगा 10 दिनों तक ताजा! ICAR ने विकसित की ये नई तकनीक

ICAR-NDRI, करनाल के वैज्ञानिकों ने पनीर को अधिक समय तक ताजा और सुरक्षित रखने के लिए एक खास तकनीक विकसित की है. यह नई तकनीक पनीर की शेल्फ लाइफ बढ़ाने, स्वाद और क्वालिटी बनाए रखने के साथ-साथ हानिकारक बैक्टीरिया से भी सुरक्षा देने में मदद करेगी.

FSSAI cracks down on misleading paneer, chocolate spread claims; notices sent to three firmsFSSAI cracks down on misleading paneer, chocolate spread claims; notices sent to three firms
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Aug 02, 2026,
  • Updated Aug 02, 2026, 11:56 AM IST

देश में पनीर की बढ़ती मांग के बीच वैज्ञानिकों ने एक ऐसी नई तकनीक विकसित की है, जिससे पनीर पहले की तुलना में अधिक समय तक ताजा और सुरक्षित रखा जा सकेगा. ICAR (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) के नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट (NDRI), करनाल ने एंटीमाइक्रोबियल कोएगुलेंट फॉर्मूलेशन (AMCF) नाम की एक नई तकनीक विकसित की है. ये तकनीक पनीर बनाने के साथ-साथ उसमें हानिकारक बैक्टीरिया की वृद्धि को भी रोकने में मदद करती है. इससे पनीर की शेल्फ लाइफ 10 दिन से अधिक बढ़ाई जा सकती है.

क्या है AMCF तकनीक?

AMCF यानी Antimicrobial Coagulant Formulation एक डुअल-फंक्शन (दोहरा काम करने वाला) फॉर्मूलेशन है. इसका मतलब है कि ये सिर्फ दूध को फाड़कर पनीर बनाने का काम ही नहीं करता, बल्कि प्राकृतिक एंटीमाइक्रोबियल एजेंट की तरह भी काम करता है. इससे पनीर लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और खराब होने की संभावना कम हो जाती है.

किस बैक्टीरिया से तैयार की गई है ये तकनीक?

इस तकनीक में Lactobacillus plantarum MTCC 25406 नाम के लाभकारी (गुड) बैक्टीरिया का उपयोग किया गया है. यह एक प्राकृतिक सूक्ष्मजीव है, जो हानिकारक बैक्टीरिया की बढ़त को रोकने में मदद करता है. इसी वजह से पनीर की क्वालिटी और सुरक्षा दोनों बेहतर बनी रहती हैं.

पनीर की क्वालिटी भी रहेगी बरकरार

नई तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे पनीर का स्वाद, बनावट (टेक्सचर) और क्वालिटी लंबे समय तक बनी रहती है. आमतौर पर कुछ दिनों बाद पनीर का स्वाद बदलने लगता है या वह जल्दी खराब होने लगता है, लेकिन AMCF तकनीक इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकती है.

छोटे डेयरी कारोबारियों को होगा फायदा

यह तकनीक खासतौर पर संगठित डेयरी उद्योग के साथ-साथ छोटे और मध्यम डेयरी उत्पादकों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है. कई छोटे डेयरी कारोबारी पनीर के जल्दी खराब होने के कारण आर्थिक नुकसान उठाते हैं. अब वे इस तकनीक की मदद से पनीर को अधिक समय तक सुरक्षित रख सकेंगे, जिससे बर्बादी कम होगी और मुनाफा बढ़ सकता है.

डेयरी सेक्टर के लिए क्यों है अहम?

भारत दुनिया के सबसे बड़े दुग्ध उत्पादक देशों में शामिल है. ऐसे में दूध से बनने वाले उत्पादों की क्वालिटी और उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ाना बेहद जरूरी है. ICAR-NDRI की यह नई तकनीक न केवल खाद्य सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि डेयरी उद्योग की लागत कम करने, उत्पाद की बर्बादी घटाने और किसानों और डेयरी उद्यमियों की आय बढ़ाने में भी मददगार साबित हो सकती है. ऐसे में AMCF तकनीक भारतीय डेयरी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण नवाचार है. इससे पनीर अधिक समय तक ताजा, सुरक्षित और स्वादिष्ट बना रहेगा, जिसका लाभ उत्पादकों से लेकर उपभोक्ताओं तक सभी को मिलेगा.

MORE NEWS

Read more!