
जब हम बाजार से चिप्स, बिस्किट, नमकीन, जूस या कोई दूसरा पैकेज्ड फूड खरीदते हैं, तो सबसे पहले हमारी नजर कीमत, ब्रांड और स्वाद पर जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पैकेट पर लिखी छोटी-छोटी जानकारियां आपके लिए काफी काम की हो सकती हैं? क्योंकि इन्हीं जानकारियों से पता चलता है कि आखिर हम खा क्या रहे हैं. इसी को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) लोगों को जागरूक कर रहा है. FSSAI के अभियान का संदेश है- 'हर लेबल कुछ कहता है' और 'Read Before You Eat', यानी खाने से पहले पढ़ें. इसका मतलब साफ है कि पैकेट उठाइए तो सिर्फ सामने की चमकदार तस्वीर मत देखिए, बल्कि लेबल पर लिखी जरूरी जानकारी भी पढ़िए.
1. सबसे पहले देखें, पैकेट में क्या-क्या मिला है: पैकेट खरीदते समय उस पर दी गई Ingredients List यानी सामग्री की सूची जरूर पढ़ें. इससे आपको पता चलेगा कि उस खाने की चीज को बनाने में किन-किन चीजों का इस्तेमाल किया गया है. उदाहरण के लिए, तस्वीर में दिखाए गए पैकेट में केला, खाने योग्य वनस्पति तेल, चावल का आटा, चीनी, नमक और मसाले जैसी चीजें शामिल हैं. यानी पैकेट खरीदने से पहले यह सूची पढ़कर आप आसानी से समझ सकते हैं कि आप जो खाने जा रहे हैं, उसमें आखिरकार क्या-क्या मिलाया गया है.
2. पोषण की जानकारी भी जरूर देखें: पैकेट पर दी गई पोषण संबंधी जानकारी को भी जरूर पढ़ें. इसमें बताया जाता है कि खाने की चीज में कितनी कैलोरी, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, चीनी, फैट और नमक मौजूद है. इस जानकारी से आप अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर विकल्प चुन सकते हैं. खासकर अगर आप खाने में चीनी, नमक या फैट की मात्रा कम रखना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए काफी काम की होगी.
3. सामान बनने की तारीख और एक्सपायरी डेट देखें: कोई भी पैकेज्ड फूड खरीदने से पहले उसकी Manufacturing Date यानी बनाने की तारीख और एक्सपायरी डेट यानी इस्तेमाल की आखिरी तारीख जरूर देख लें. इससे आपको पता चलेगा कि उत्पाद कितना पुराना है और उसे कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर किसी चीज की एक्सपायरी डेट निकल चुकी है, तो उसे बिल्कुल न खरीदें और न ही खाएं. इसी तरह अगर उत्पाद एक्सपायरी के बहुत करीब है, तो उसे खरीदने से पहले अच्छी तरह सोच लें.
4. एलर्जी की जानकारी को न करें नजरअंदाज: कुछ लोगों को गेहूं, दूध, सोया, मूंगफली या और खाने वाली दूसरी चीजों से एलर्जी हो सकती है, इसलिए पैकेट पर दी गई एलर्जी की जानकारी को देखना जरूरी है.
5. वेज या नॉन-वेज चिन्ह पहचानें: पैकेज्ड फूड पर Veg/Non-Veg चिन्ह भी दिया जाता है. इससे ग्राहक आसानी से पहचान सकते है कि उत्पाद शाकाहारी है या मांसाहारी. इसलिए खरीदारी के समय पैकेट पर बने इस चिन्ह को भी जरूर देखना चाहिए.
6. FSSAI लाइसेंस नंबर भी जरूर देखें: पैकेट पर दिया गया FSSAI लाइसेंस नंबर भी जरूर चेक करें. यह खाद्य उत्पाद और उसे बनाने या बेचने वाले कारोबार से जुड़ी जरूरी जानकारी होती है. खासकर जब आप किसी नए या कम जाने-पहचाने ब्रांड का सामान खरीद रहे हों, तो पैकेट पर FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर देख लें. इससे आप खाद्य उत्पाद के बारे में जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं और खरीदारी करते समय ज्यादा जागरूक फैसला ले सकते हैं.
FSSAI की इस जागरूकता पहल का मुख्य संदेश यही है कि खाने वाली चीजें खरीदते समय सिर्फ कीमत और ब्रांड देखकर फैसला न करें. पैकेट पर मौजूद जानकारी को पढ़ने में कुछ सेकंड लगते हैं, लेकिन इससे ग्राहक को उत्पाद की सामग्री, पोषण, तारीख और संभावित एलर्जी जैसी महत्वपूर्ण बातें पता चल सकती हैं. इसलिए अगली बार जब आप कोई बिस्किट, नमकीन, सॉस, पैकेज्ड स्नैक या दूसरी खाने वाली चीजें खरीदें, तो पैकेट खोलने से पहले उसका लेबल जरूर पढ़ें.