अल नीनो पर IMD के पूर्वानुमान का इंतजार, खरीफ पर असर कम करने को सरकार सतर्क

अल नीनो पर IMD के पूर्वानुमान का इंतजार, खरीफ पर असर कम करने को सरकार सतर्क

कृषि मंत्रालय अल नीनो के प्रभाव को लेकर सतर्क है और खरीफ फसलों पर संभावित असर का आकलन करने के लिए IMD के पूर्वानुमान का इंतजार कर रहा है. 326 जोखिम वाले जिलों की पहचान के साथ सरकार सिंचाई, बीज और आपात योजनाओं पर सक्रिय रूप से काम कर रही है.

El Nino Rain ImpactEl Nino Rain Impact
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Jun 17, 2026,
  • Updated Jun 17, 2026, 5:36 PM IST

कृषि सचिव अतिश चंद्र ने बुधवार को कहा कि मंत्रालय खरीफ की फसलों पर संभावित असर को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने से पहले, अल नीनो की स्थिति में पूरी जानकारी लेगा. मंत्रालय इसकी साफ जानकारी पाने के लिए इस महीने के आखिर तक भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान का इंतजार कर रहा है.

चंद्र ने PTI को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "अल नीनो कब शुरू होगा, इसका पूर्वानुमान अभी आना बाकी है. इस महीने के आखिर तक IMD पूर्वानुमान जारी करेगा, और तब स्थिति साफ हो जाएगी. तब हम खरीफ की बुवाई के मौसम के बीच में होंगे और हमें पता चल जाएगा कि हालात कैसे रहने वाले हैं."

हालांकि मोटे तौर पर अल नीनो के नवंबर के आसपास शुरू होने का अनुमान लगाया गया है, लेकिन IMD अपने आकलन को पक्का करने से पहले और ज्यादा पुष्ट जानकारी जुटाना चाहता है.

एक अहम चीज जिस पर नजर रखी जा रही है, वह है इंडियन ओशन डाइपोल (IOD). आईओडी एक जलवायु पैटर्न है जिसमें हिंद महासागर में समुद्र की सतह के तापमान में अनियमित उतार-चढ़ाव होता है. मई में पॉजिटिव रहने के बाद, जून में IOD न्यूट्रल हो गया है. चंद्र ने कहा, "हम इस बात पर नजर रख रहे हैं कि यह न्यूट्रल रहेगा या बदलेगा. IMD को अभी भी उम्मीद है कि कुछ ऐसा होगा जिससे अल नीनो का असर खत्म हो जाएगा."

पॉजिटिव IOD आमतौर पर अल नीनो का असर कम करता है, जबकि न्यूट्रल या नेगेटिव IOD इसे मॉनसून पर ज्यादा असर डालने देता है. अल नीनो एक ऐसी घटना है जो ऐतिहासिक रूप से कमजोर मॉनसून और ज्यादा बारिश से जुड़ी रही है. IMD ने जून-सितंबर की अवधि के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लिए सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताया है.

मॉनसून की चाल में देरी

IMD हर महीने पूर्वानुमान जारी कर रहा है, और चंद्र ने बताया कि जून के लिए जो अनुमान लगाया गया था, उसमें से ज्यादातर बातें सच साबित हो रही हैं.

मॉनसून अभी तय समय से चार-पांच दिन पीछे चल रहा है, और इसके आगे बढ़ने में रुकावट का मुख्य कारण 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) को माना जा रहा है. हालांकि, पश्चिम बंगाल के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने से पूर्व की ओर से मॉनसून को आगे बढ़ने में मदद मिल रही है, जबकि दक्षिणी हिस्सा, जिसके महाराष्ट्र में और आगे बढ़ने की उम्मीद थी, अभी भी पीछे चल रहा है.

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को छोड़कर - जहां ज्यादातर बारिश लौटते हुए मॉनसून से होती है - जिन राज्यों में मॉनसून पहुंच चुका है, वहां अच्छी बारिश दर्ज की गई है. 

मुश्किल हालात से निपटने की तैयारी

चंद्र ने कहा कि इतिहास में अल-नीनो का भारत पर बहुत बुरा असर नहीं पड़ा है, सिवाय 2014-15 के, और तब भी खेती का उत्पादन ठीक-ठाक रहा था. उन्होंने कहा कि तब से मौसम के हिसाब से जलवायु अनुकूल बीजों की किस्मों में तरक्की ने इस सेक्टर की मुश्किल हालात से निपटने की क्षमता को मजबूत किया है.

पानी के मैनेजमेंट के मामले में, सरकार माइक्रो-इरिगेशन (सूक्ष्म सिंचाई) इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान दे रही है. 'अमृत सरोवर' योजना के तहत, जमीन के नीचे पानी के लेवल को बढ़ाने के लिए 75,000 तालाबों को फिर से ठीक किया गया है, और एक लाख से ज्यादा ग्राउंडवाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर को फिर से चालू किया गया है.

उन्होंने कहा, "हमारे लिए चिंता की बात वे इलाके हैं जो बारिश पर निर्भर हैं, न कि वे जहां सिंचाई की सुविधा है. पिछले साल की तुलना में जलाशयों में पानी का लेवल बेहतर है."

326 ज्यादा जोखिम वाले जिलों की पहचान

बारिश पर निर्भर खेती वाले बारह राज्यों – उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, गुजरात, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र – पर अल नीनो का बुरा असर पड़ने का अनुमान है.

मंत्रालय ने इन राज्यों में 326 ऐसे जिलों की पहचान की है जहां जोखिम बहुत ज्यादा है, और खराब मौसम के असर को कम करने के लिए जिला-स्तर पर विस्तृत एक्शन प्लान को अपडेट किया जा रहा है.

मौसम के पूर्वानुमान की गंभीरता को देखते हुए जिला-स्तर पर आपातकालीन योजनाओं (कंटिंजेंसी प्लान) में बदलाव किया जा रहा है, जिसमें ICAR, CRIDA और राज्य के कृषि विश्वविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी है. मंत्रालय के मिशन, जिनमें तिलहन, ऑयल पाम, दाल और कपास की फसलें शामिल हैं – जिनकी खेती ज्यादातर बारिश पर निर्भर इलाकों में होती है – उनकी बारीकी से समीक्षा की जा रही है.

जरूरी चीजों की पर्याप्त उपलब्धता

खेती के लिए जरूरी चीजों (इनपुट) के मामले में, चंद्र ने कहा कि खाद की सप्लाई पर्याप्त है, हालांकि बड़े किसानों ने मार्च-अप्रैल में ही ज्यादा खरीदारी कर ली थी. उन्होंने कहा, "छोटे किसान स्टॉक करके नहीं रखते, वे जरूरत पड़ने पर खरीदते हैं जमीनी स्तर पर उपलब्धता पिछले साल की तुलना में बहुत बेहतर है."

MORE NEWS

Read more!