बजट से पहले बिहार सरकार का आर्थिक सर्वे: मखाना क्षेत्र बढ़ेगा, चावल पिछड़ा

बजट से पहले बिहार सरकार का आर्थिक सर्वे: मखाना क्षेत्र बढ़ेगा, चावल पिछड़ा

गेहूं और मक्का के उत्पादन में आया उछाल, जबकि चावल उत्पादन के ग्राफ में आई कमी. 2031 तक कृषि रोड मैप के जरिए बिहार सरकार मखाना की खेती का विस्तार करेगी. वहीं आम और लीची की खेती में तीन सालों में करीब 2000 हेक्टेयर एरिया की वृद्धि हुई है.

अंक‍ित कुमार स‍िंह
  • Patna,
  • Feb 03, 2026,
  • Updated Feb 03, 2026, 11:14 AM IST

मंगलवार को बिहार सरकार अपना वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश करने वाली है. बिहार सरकार के वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव चुनाव जीतने के बाद नीतीश सरकार का पहला बजट पेश करेंगे. इस बार का बजट करीब 3 लाख 70 हजार करोड़ रुपये के आसपास रहने की उम्मीद मानी जा रही है. वहीं इस बजट से पहले सरकार द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की गई है, जिसमें मखाना के क्षेत्र विस्तार को लेकर 2026 से 2031 तक कृषि रोड मैप के जरिए इसका क्षेत्रफल 70 हजार हेक्टेयर बढ़ाने का लक्ष्य सरकार की ओर से रखा गया है.

वहीं सरकार द्वारा अनाज उत्पादन को लेकर जारी आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले वर्ष राज्य में अनाज उत्पादन में वृद्धि हुई है, लेकिन इस वृद्धि में गेहूं और मक्का का उत्पादन चावल की तुलना में अधिक है. साथ ही सब्जी, फल, औषधीय और मसाला की खेती का रकबा बढ़ा है.

अनाज उत्पादन में वृद्धि लेकिन चावल हो गया पीछे

बिहार सरकार की ओर से जारी आर्थिक सर्वेक्षण में बताया गया है कि बिहार में मुख्य फसलों की उत्पादकता में चावल की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन 2023–24 में जहां चावल का उत्पादन 3062 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर था, वहीं यह 2024–25 में 2970 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रह गया है. यह बताता है कि चावल के उत्पादन में वृद्धि कृषि क्षेत्र में वृद्धि के कारण थी, न कि उत्पादन सघनता में वृद्धि के कारण.

वहीं अगर 2024–25 में कुल अनाज उत्पादन की बात करें तो चावल की हिस्सेदारी 40.7 प्रतिशत, गेहूं की 32.01 प्रतिशत और मक्का की 27.01 प्रतिशत रही. संयुक्त रूप से इन तीनों फसलों का अनाज उत्पादन में 99.9 प्रतिशत हिस्सा था. अगर 2023–24 और 2024–25 की तुलना करें तो चावल उत्पादन में 4.3 प्रतिशत, गेहूं में 7.1 प्रतिशत और मक्का में 12.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

2031 तक मखाना का रकबा 70,000 हेक्टेयर बढ़ाने का लक्ष्य

बिहार के खेतों से निकलकर विश्व के अधिकांश देशों तक अपनी पहुंच बनाने वाले सुपर फूड मखाना के क्षेत्र विस्तार को लेकर सरकार ने कृषि रोड मैप 2026 से 2031 के बीच इसकी खेती का क्षेत्रफल 70 हजार हेक्टेयर बढ़ाने का लक्ष्य रखा है.आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार बिहार में हाल के समय में 40 हजार हेक्टेयर में मखाना की खेती हो रही है. 32 हजार एमटी मखाना का निर्यात हाल के समय में हो रहा है और इसे 1 लाख 25 हजार मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है. अगर मखाना, शहद और मशरूम की बात करें तो बागवानी की खेती में इनकी हिस्सेदारी करीब 9 प्रतिशत के आसपास है और उत्पादन में 7 प्रतिशत है.

धान उत्पादन में वृद्धि, फिर भी सरकार ने इस साल लक्ष्य रखा कम

बिहार में धान और गेहूं दो मुख्य फसलें हैं, जिनकी खेती राज्य में सबसे अधिक होती है. हालांकि इस बार धान की खरीद का लक्ष्य सरकार की ओर से पिछले साल की तुलना में कम कर दिया गया है, जबकि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि धान का उत्पादन वर्ष 2023–24 के दौरान 9522.8 हजार टन हुआ था, जबकि 2024–25 में यह बढ़कर 9934 हजार टन हो गया.

बागवानी क्षेत्र में आम और लीची के क्षेत्रफल में विशेष बदलाव नहीं

आर्थिक सर्वेक्षण में बागवानी को लेकर जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य में इस क्षेत्र में फल, सब्जियां, फूल, मसाले, औषधीय और सुगंधित पौधे, बागवानी फसलें, मखाना, शहद और मशरूम शामिल हैं. वहीं कुल बागवानी क्षेत्र के लगभग एक चौथाई भाग में फलों की खेती होती है और लगभग 60 प्रतिशत क्षेत्र में सब्जियों की खेती होती है, जबकि शेष क्षेत्र में अन्य बागवानी फसलों की खेती की जाती है. जिसमें लीची का क्षेत्रफल 2023–24 में 39.2 हजार हेक्टेयर था, जो 2024–25 में बढ़कर 39.3 हजार हेक्टेयर तक पहुंच पाया है.

वहीं आम की बात करें तो 2023–24 में 164.6 हजार हेक्टेयर में इसकी खेती होती थी, जो अब 165 हजार हेक्टेयर के आसपास पहुंच चुकी है. यानी तीन वर्षों में करीब 2 हजार हेक्टेयर के आसपास ही आम और लीची की खेती में विस्तार हो पाया है.

MORE NEWS

Read more!