
रबी सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों ने सरसों की बुवाई की तैयारी शुरू कर दी है. नवंबर का महीना सरसों की खेती के लिए अच्छा माना जाता है. ऐसे में अगर किसान सही किस्मों का चयन करके बुवाई करते हैं, तो कम लागत में बेहतर पैदावार हासिल कर सकते हैं. आइए जानते हैं सरसों की ऐसी 5 बेहतरीन किस्मों के बारे में, जिनकी खेती से किसान अच्छी उपज और मुनाफा कमा सकते हैं.
1. पूसा ज्वालामुखी: सरसों की यह किस्म भी अधिक उपज देने वाली और रोग प्रतिरोधक क्षमता रखने वाली किस्म है. नवंबर महीने में किसान इसकी खेती कर सकते हैं. इसमें तेल की मात्रा अधिक होती है इसलिए इस किस्म से किसानों को अच्छी कमाई होती है. इसका तेल भी अच्छी क्वालिटी वाला होता है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, और राजस्थान में खेती करने के लिए यह किस्म उपयुक्त मानी जाती है. यह किस्म 120-130 दिनों में पककर तैयार हो जाती है और इसकी पैदावार 25-30 क्विंटल प्रति एकड़ है.
2. राज विजय सरसों-2: सरसों की यह किस्म मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में खेती के लिए उपयुक्त है. इसकी फसल 120 से 130 दिनों में पककर तैयार हो जाती है. नवंबर महीने में इसकी बुवाई करने पर प्रति हेक्टेयर 20 से 25 क्विंटल तक पैदावार मिल सकती है. इस किस्म के दानों में तेल की मात्रा 37 से 40 प्रतिशत तक पाई जाती है.
3. RH-761 किस्म: सरसों की यह किस्म कम सिंचाई वाले क्षेत्रों में खेती के लिए उपयुक्त है. इसकी एक खासियत यह है कि यह पाले को भी सहन कर सकती है. इस किस्म की फसल से किसानों को प्रति हेक्टेयर 25 से 27 क्विंटल तक पैदावार मिल सकती है. वहीं, बुवाई के 45 से 55 दिनों के भीतर इसमें फूल आने लगते हैं, जबकि फसल को पूरी तरह तैयार होने में 136 से 145 दिन का समय लगता है.
4. पूसा गोल्ड किस्म: ये किस्म राजस्थान, गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र के इलाकों में ज़्यादा उगाई जाती है. इस किस्म की फसल 130 से 140 दिनों में कटाई के लिए तैयार हो जाती है. इस किस्म की उत्पादन क्षमता 18 से 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होती है. इसमें तेल की मात्रा लगभग 42 प्रतिशत तक होती है.
5. आर एच 30 किस्म: सरसों की ये किस्म हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान क्षेत्रों के लिए सबसे बेहतर होती है. ये किस्म सिंचित और असिंचित क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है. ये किस्म 130 से 135 दिनों में पककर तैयार हो जाती है. अगर 15 से 20 अक्टूबर तक इस किस्म की बुवाई कर दी जाए तो उपज 16 से 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मिल सकती है. इसमें तेल की मात्रा लगभग 39 प्रतिशत तक होती है.
सरसों की खेती के लिए नवंबर का समय बेस्ट होता है. वहीं, बुवाई करने से पहले खेत में अच्छी तरह जुताई करें और मिट्टी को भुरभुरा बनाएं ताकि जल निकास अच्छा हो सके. बता दें कि सरसों की बुवाई पंक्तियों में करनी चाहिए. पंक्ति से पंक्ति की दूरी 30-45 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 10-15 सेंटीमीटर रखनी चाहिए.